Last Updated:
Khandwa News: अनिल बाहेती ने लोकल 18 से कहा कि गुड मॉर्निंग क्लब का नाम सुनते ही लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है. यह ग्रुप मस्ती भरे अंदाज में योग और फिटनेस कराता है. यही कारण है कि हर कोई क्लब से जुड़ना चाहता है.
खंडवा. मध्य प्रदेश के खंडवा का गुड मॉर्निंग क्लब पिछले करीब 30 सालों से लोगों को योग के जरिए स्वस्थ रहने का संदेश दे रहा है. यह क्लब सिर्फ लोगों को प्रेरित ही नहीं करता बल्कि खुद रोज योग करके एक मिसाल भी पेश करता है. इस क्लब की खास बात यह है कि यहां जुड़ने के लिए कोई फीस या औपचारिक प्रक्रिया नहीं है. जो भी व्यक्ति योग करना चाहता है, वह सुबह संपर्क कर कलेक्ट्रेट गार्डन पहुंच सकता है और योग सीख सकता है. इस ग्रुप से 60 से ज्यादा लोग जुड़े हुए हैं. सभी सदस्य रोज सुबह 6:10 बजे कलेक्ट्रेट गार्डन पहुंचते हैं और समय का खास ध्यान रखते हैं. योग के साथ-साथ जॉगिंग और दूसरी फिटनेस एक्टिविटी भी की जाती है.
इस क्लब में युवा से लेकर बुजुर्ग तक सभी जुड़े हैं. हर जाति और धर्म के लोग बिना किसी भेदभाव के एक साथ योग करते हैं, जो इसकी सबसे बड़ी खासियत है. यहां सिर्फ योग ही नहीं बल्कि आपसी जुड़ाव भी देखने को मिलता है. रोज योग के बाद सभी सदस्य साथ बैठकर चाय पीते हैं. एक-दूसरे का जन्मदिन मनाते हैं और शहर के अलग-अलग कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेते हैं.
महीने में होता है खास आयोजन
क्लब में हर महीने सहभोज और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. इससे सदस्यों के बीच अपनापन और भाईचारा और मजबूत होता है.
प्रशिक्षक सिखाते हैं सही योग तकनीक
ग्रुप के योग प्रशिक्षक पवन शर्मा रोज सभी को सही तरीके से योग करना सिखाते हैं. कब सांस लेनी है, कैसे आसन करना है, यहां हर छोटी-बड़ी बात पर ध्यान दिया जाता है.
मस्ती के साथ योग, यही है पहचान
लोकल 18 से बातचीत में अनिल बाहेती ने बताया कि गुड मॉर्निंग क्लब नाम सुनते ही लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है. यह ग्रुप मस्ती भरे अंदाज में योग और फिटनेस कराता है, जिससे हर कोई जुड़ना चाहता है.
कलेक्टर भी हो चुके हैं प्रभावित
इस क्लब की खास बात यह है कि कई बार कलेक्टर भी यहां आ चुके हैं और योग का हिस्सा बने हैं. एक बार तो कलेक्टर ने खुद कहा कि पहले आप लोगों को देखा और फिर आप लोगों से जुड़कर अच्छा लगा.
समाजसेवा में भी आगे रहता है क्लब
यह क्लब सिर्फ योग तक सीमित नहीं है बल्कि शहर के सामाजिक कार्यों और आयोजनों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता है. गुड मॉर्निंग क्लब सिर्फ एक योग ग्रुप नहीं बल्कि एक परिवार बन चुका है, जो लोगों को फिट रहने के साथ-साथ खुश रहना भी सिखा रहा है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.