मुरैना शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए नगर निगम और राजस्व विभाग ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यह अभियान स्टेशन रोड, सदर बाजार और लोहिया बाजार क्षेत्र में चलाया, जहां लंबे समय से अस्थायी अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देश पर दोपहर में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान लकड़ी की गुमठियां, चबूतरे और नालियों पर किए गए कब्जों को हटाया गया। कुछ स्थानों पर हल्की नोकझोंक
कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने स्वयं ही अपना सामान सड़क से हटाकर प्रशासन का सहयोग किया, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की नोकझोंक की स्थिति भी बनी रही। हालांकि, पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित रखा गया और अभियान जारी रहा। इस कार्रवाई में स्टेशन रोड थाना, ट्रैफिक पुलिस और शहर कोतवाली पुलिस की टीम भी मौके पर तैनात रही, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। प्रशासन का कहना है कि इन बाजारों में अतिक्रमण के कारण लगातार जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। अतिक्रमण हटने के बाद अब यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। नायब तहसीलदार ज्योति लाक्षाकार ने बताया कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
Source link