शिवपुरी जिले के सुभाषपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-46 पर मुड़खेड़ा टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर पहले एक कंटेनर में भीषण आग लग गई। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे हुई इस घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग पर काबू पाने में करीब 4 घंटे का समय लगा। जानकारी के अनुसार, कंटेनर (NL 01 AA 5022) इंदौर से आगरा की ओर जा रहा था। इसमें ऑयल पेंट, वार्निश और एसिड जैसे ज्वलनशील पदार्थ भरे हुए थे। मुड़खेड़ा टोल प्लाजा से पहले अचानक इंजन में आग लग गई। ड्राइवर चंदू (निवासी हरियाणा) ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत वाहन रोककर अपनी जान बचाई। 4 घंटे में बुझाई जा सकी आग
देखते ही देखते आग इंजन से केबिन और फिर पूरे कंटेनर में फैल गई। अंदर रखे ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही सुभाषपुरा थाना प्रभारी राजीव दुबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आग बुझाने के लिए दो दमकल वाहनों को बार-बार पानी भरवाकर लगाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब 6 बार पानी भरकर लगातार प्रयास किए, जिसके बाद लगभग 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। बाद में जेसीबी की मदद से जले हुए कंटेनर को सड़क किनारे से हटाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link