शिवपुरी में पत्नी मायके गई, युवक ने फांसी लगाई: तीन महीने से मनाने की कोशिश नाकाम, सुबह फोन पर बात के बाद उठाया कदम – Shivpuri News

शिवपुरी में पत्नी मायके गई, युवक ने फांसी लगाई:  तीन महीने से मनाने की कोशिश नाकाम, सुबह फोन पर बात के बाद उठाया कदम – Shivpuri News




शिवपुरी शहर के आजाद नगर में शुक्रवार सुबह एक 35 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आजाद नगर निवासी 35 वर्षीय आला शाक्य के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार, करीब तीन माह पहले आला का अपनी पत्नी पूजा शाक्य से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद पूजा अपनी दो बेटियों और एक बेटे के साथ संजय कॉलोनी स्थित मायके में रहने लगी थी। बीते तीन महीनों से आला शाक्य लगातार अपनी ससुराल जाकर पत्नी को मनाने और उसे वापस घर लाने का प्रयास कर रहा था। हालांकि, उसकी पत्नी ससुराल लौटने को तैयार नहीं हुई, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। सुबह पत्नी से फोन के बाद सुसाइड किया
मृतक के भाई रामेश्वर शाक्य ने बताया कि शुक्रवार सुबह भी आला और उसकी पत्नी के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद रामेश्वर मजदूरी पर चला गया था। इसी दौरान आला ने घर के कमरे में फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारा। उसे जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी पूजा शाक्य बच्चों के साथ जिला अस्पताल पहुंची। उसने बताया कि वह अपने पिता के साथ हुई मारपीट की घटना से नाराज होकर मायके में रह रही थी। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस ने बताया कि पीएम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link