सतना में पिछले 24 घंटे से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। शुक्रवार दोपहर मौसम में अचानक बदलाव आया। आसमान में बादलों के डेरे के बीच गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, सतना और मैहर जिले के आसमान में एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) बनी हुई है। वातावरण में नमी के कारण यह आंधी और बारिश की स्थिति पैदा कर रही है। जिले के कोटर और बिरसिंहपुर क्षेत्रों में भी हवा के साथ बूंदाबांदी की खबर है। तेज हवा, हल्की बारिश का अनुमान
मौसम कार्यालय ने पूर्वानुमान जारी किया है कि 5 अप्रैल तक सतना और मैहर जिले के विभिन्न इलाकों में द्रोणिका के प्रभाव से 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और हल्की बारिश होगी। हालांकि, इसका तापमान पर बहुत अधिक असर नहीं होगा। 5 अप्रैल के बाद जिले के तापमान में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है। बेमौसम बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। गेहूं की फसल कटाई के बाद खलिहानों में पड़ी है, वहीं कई इलाकों में पकी फसल अभी भी खेतों में खड़ी है। बारिश और तेज हवाओं के कारण फसलों को नुकसान हो रहा है। किसान अपनी उपज बचाने के लिए तिरपाल का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन तेज बारिश होने पर फसल बर्बाद होने का खतरा बना हुआ है।
Source link