Last Updated:
खरगोन जिले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े सदस्यों ने फायरिंग की थी और 10 करोड़ रुपए फिरौती की रकम मांगी थी. अब इस गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जब पुलिस ने कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि मुख्य आरोपी अभी भी फरार चल रहा है.
एमपी में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का पर्दाफाश
Khargone News: मध्य प्रदेश के खरगोन में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का पुलिस द्वारा पर्दाफाश किया है, जब पुलिस ने गोलीकांड में राजपाल चंद्रावत सहित कुल 15 आरोपियों को गिरफ्त में लिया है. इसके अलावा तीन आरोपी अभी फरार चल रहे हैं. इन आरोपियों ने खरगोन के एक उद्योगपति के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी. बाद में घटना की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली गई थी.
फायरिंग के मास्टर माइंड उज्जैन के लोकेंद्र पवार और धार के सचिन पाटीदार निकले. बताया जा रहा है कि इनका खरगोन के व्यापारी से पहले ही लेन-देन का कुछ विवाद था. इसी वजह से इन लोगों ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गों से संपर्क किया और फिर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया.
पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर की जांच
पुलिस ने इस मामले में कई अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज देखे. इसके अलावा कई मुखबिरों से भी बात की, जब जाकर आरोपियों तक पुलिस के हाथ पहुंचे. इसके लिए पुलिस की 6 टीम को एसपी द्वारा सम्मानित भी किया है. सभी आरोपी गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान के बताए जा रहे हैं. लेकिन घटना में मुख्य आरोपी अभी भी फरार चल रहा है.
खरगोन के उद्योगपति से मांगी थी 10 करोड़ रुपए की फिरौती
खरगोन भीलगांव के उद्योगपति दिलीप राठौर के घर अज्ञात आरोपियों ने गोलीबारी की थी और इसके बाद सोशल मीडिया पर इस घटना की जिम्मेदारी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर ने ली थी. उसने 10 करोड़ रुपए फिरौती की रकम भी मांगी थी और फिरौती की रकम ना देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी. पुलिस ने हैरी बॉक्सर पर भी एफआईआर दर्ज की है. बाद में दिलीप राठौर के बेटे सत्येंद्र राठौर ने शिकायत दर्ज करवाई थी.