दमोह जिले के हटा वन परिक्षेत्र की सिलापुरी बीट में शनिवार दोपहर महुआ बीनने गए एक युवक पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घायल युवक की पहचान सिलापुरी निवासी 32 वर्षीय रामचरण पिता मनोहर आदिवासी के रूप में हुई है। रामचरण शनिवार दोपहर जंगल में महुआ बीनने गया था, तभी अचानक एक भालू ने उस पर हमला कर दिया। रामचरण की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद अन्य लोग मौके पर पहुंचे और भालू को भगाया। घटना के बाद परिजनों को सूचना दी गई और घायल रामचरण को हटा सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे जिला अस्पताल दमोह रेफर किया गया। डॉक्टरों ने रामचरण की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया। उसे पीठ में गहरे घाव हुए हैं। वन विभाग ने घायल युवक को तत्काल एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। डीएफओ ईश्वर जरांडे और वन परिक्षेत्र अधिकारी हटा ऋषि तिवारी के निर्देश पर वनरक्षक संदीप राज ने जिला अस्पताल पहुंचकर रामचरण को यह सहायता दी और आगे भी मदद का आश्वासन दिया।
Source link