बड़वानी जिले में शनिवार शाम को अचानक मौसम बदल गया। भीषण गर्मी के कई दिनों बाद हवा-आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम में ठंडक घुल गई। इस बेमौसम बारिश से खेतों में कटाई के लिए रखी सूखी फसलें और खुले में रखा अनाज भीग गया। जिला मुख्यालय पर दिनभर तेज धूप का असर रहा, लेकिन शाम होते ही मौसम ने करवट बदली। कृषि विज्ञान केंद्र की मौसम इकाई के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान हवा की गति 11 किलोमीटर प्रति घंटा रही। चार दिन पहले दिन का तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 22.9 डिग्री सेल्सियस था। ट्रफ लाइन का असर मौसम इकाई प्रभारी रवींद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर तक फैला ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के इसी चक्रवातीय परिसंचरण से लेकर उत्तर मध्य प्रदेश के मध्य भागों तक एक ट्रफ रेखा का असर भी देखने को मिल रहा है। 5 अप्रैल तक ऐसा ही रहेगा मौसम सिकरवार के अनुसार, इस पश्चिमी विक्षोभ का सर्वाधिक असर बड़वानी जिले में 4 से 5 अप्रैल तक रहने की संभावना है। इस अवधि में तेज हवाओं के साथ हल्की या तेज बारिश और बिजली चमकने की आशंका है। मौसम प्रभारी ने किसानों से अपील की है कि वे खेतों में खड़ी और सूखी फसलों की तुरंत कटाई करें तथा खुले में रखी उपज को सुरक्षित स्थान पर भंडारित करें। मौसम में इस बदलाव के कारण आगामी दिनों में दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
Source link