Last Updated:
List of Top 10 Richest Cricketers in India: भारतीय महिला क्रिकेटर्स आज न केवल मैदान पर रिकॉर्ड तोड़ रही हैं, बल्कि कमाई के मामले में भी नए कीर्तिमान रच रही हैं. मिताली राज 45 करोड़ की नेटवर्थ के साथ सबसे अमीर खिलाड़ी हैं, जबकि स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर भी करोड़ों के विज्ञापनों और डब्ल्यूपीएल कॉन्ट्रेक्ट से मालामाल हैं. शेफाली वर्मा जैसी युवा खिलाड़ी भी इस लिस्ट में तेजी से ऊपर आ रही हैं.यह वित्तीय सफलता महिला क्रिकेट के बदलते सुनहरे दौर का सबसे बड़ा प्रमाण है.
भारत की 10 सबसे अमीर महिला क्रिकेटर्स.
नई दिल्ली. भारतीय महिला क्रिकेट अब सिर्फ मैदान पर रिकॉर्ड बनाने तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह ग्लैमर, ब्रांड एंडोर्समेंट और भारी-भरकम कमाई का एक नया केंद्र बन चुका है. वह दौर बीत गया जब सिर्फ मेंस क्रिकेटरों की नेटवर्थ की चर्चा होती थी. आज भारतीय महिला क्रिकेट टीम की शेरनियां अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर करोड़ों की संपत्ति की मालकिन हैं. डब्ल्यूपीएल के आने के बाद तो इनकी किस्मत में चार चांद लग गए हैं.
जब हम महिला क्रिकेट में अमीरी और कामयाबी की बात करते हैं, तो सबसे पहला नाम मिताली राज (Mithali Raj) का आता है. लगभग 40-45 करोड़ रुपये की मालकिन मिताली सबसे अमीर भारतीय महिला क्रिकेटर हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी उनका दबदबा कम नहीं हुआ है. ब्रांड एंडोर्समेंट, कमेंट्री, मेंटरशिप और विभिन्न क्रिकेट प्रोजेक्ट्स के जरिए उनकी कमाई का सिलसिला जारी है. मिताली की यह वित्तीय सफलता उनके दो दशक लंबे करियर, नेतृत्व क्षमता और खेल के प्रति उनके अटूट समर्पण का परिणाम है.
भारत की 10 सबसे अमीर महिला क्रिकेटर्स.
टीम इंडिया की उप-कप्तान और करोड़ों दिलों की धड़कन स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) इस लिस्ट में तेजी से ऊपर बढ़ रही हैं. उनकी कुल नेटवर्थ लगभग 32-34 करोड़ रुपये आंकी गई है. स्मृति की कमाई का एक बड़ा हिस्सा उनके विज्ञापनों और ब्रांड पार्टनरशिप से आता है. डब्ल्यूपीएल के पहले सीजन में ही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने उन्हें 3.4 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि में साइन किया था, जिसने उन्हें रातों-रात सबसे महंगी खिलाड़ियों में शामिल कर दिया. मैदान पर उनकी क्लास और मैदान के बाहर उनकी लोकप्रियता उन्हें एक ब्रांड के रूप में स्थापित करती है.
कप्तानी का जलवा और करोड़ों का कॉन्ट्रैक्ट है हरमनप्रीत कौर के पास
भारतीय टीम की कप्तान और ‘सुपरवुमन’ हरमनप्रीत कौर की कुल संपत्ति करीब 24-26 करोड़ रुपये है. हरमनप्रीत की कमाई के कई स्रोत हैं. उन्हें बीसीसीआई से ग्रेड-ए वार्षिक अनुबंध के तौर पर 50 लाख रुपये मिलते हैं, जबकि मुंबई इंडियंस के साथ उनका 1.8 करोड़ रुपये का डब्ल्यूपीएल सौदा उनकी वित्तीय स्थिति को और मजबूत करता है. अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और नेतृत्व के दम पर वह प्यूमा जैसे बड़े ब्रांड्स की पहली पसंद बनी हुई हैं.
शेफाली और जेमिमा का उदय
नई पीढ़ी की खिलाड़ियों ने भी बहुत कम उम्र में वित्तीय सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ है. विस्फोटक ओपनर शेफाली वर्मा की नेटवर्थ 8-11 करोड़ रुपये के बीच है. दिल्ली कैपिटल्स के साथ उनका 2 करोड़ रुपये का अनुबंध और कई बड़े ब्रांड्स के साथ उनकी साझेदारी उन्हें सबसे सफल युवा एथलीट बनाती है. वहीं, ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा भी पीछे नहीं हैं. लगभग 8 करोड़ रुपये की नेटवर्थ रखने वाली दीप्ति को यूपी वॉरियर्स ने डब्ल्यूपीएल में 2.6 करोड़ रुपये में खरीदा था. अपनी स्पिन और बल्लेबाजी से मैच जिताने वाली दीप्ति विज्ञापनों के बाजार में भी एक चमकता नाम हैं. मिडिल ऑर्डर की जान जेमिमा रोड्रिग्स की नेटवर्थ करीब 5 करोड़ रुपये है. दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 2.2 करोड़ रुपये में अपनी टीम का हिस्सा बनाया था.जेमिमा अपनी सोशल मीडिया मौजूदगी और वर्सटाइल व्यक्तित्व के कारण ब्रांड्स के बीच काफी लोकप्रिय हैं.
झूलन गोस्वामी की नेटवर्थ 8 करोड़
पूर्व तेज गेंदबाज और ‘चकदा एक्सप्रेस’ के नाम से मशहूर झूलन गोस्वामी की नेटवर्थ करीब 8 करोड़ रुपये है. संन्यास के बाद भी वह लीजेंड्स लीग क्रिकेट और एयर इंडिया के साथ जुड़ी हुई हैं, जिससे उनकी आय स्थिर बनी हुई है. वहीं, उभरती हुई तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर पूजा वस्त्राकर की संपत्ति 3-5 करोड़ रुपये के बीच है. उन्हें मुंबई इंडियंस ने 1.9 करोड़ रुपये में खरीदा था और वह ओकले जैसे इंटरनेशनल ब्रांड्स का चेहरा हैं.
भारत में महिला खेलों के प्रति बदल रहा नजरिया
भारतीय महिला क्रिकेटरों की यह बढ़ती हुई नेटवर्थ इस बात का प्रमाण है कि अब भारत में महिला खेलों के प्रति नजरिया बदल रहा है. बीसीसीआई के समान वेतन के फैसले और डब्ल्यूपीएल जैसे टूर्नामेंट्स ने इन खिलाड़ियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है. आज ये खिलाड़ी न केवल देश का गौरव बढ़ा रही हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ी की लड़कियों के लिए एक सफल करियर का उदाहरण भी पेश कर रही हैं. यह तो बस शुरुआत है, आने वाले समय में ये आंकड़े और भी चौंकाने वाले होंगे.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें