समीर रिजवी के तूफान में उड़ी मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स की लगातार दूसरी जीत

समीर रिजवी के तूफान में उड़ी मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स की लगातार दूसरी जीत


होमखेलक्रिकेट

समीर रिजवी के तूफान में उड़ी मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स की लगातार दूसरी जीत

Last Updated:

MI vs DC IPL 2026 Match Highlights: दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को हराकर आईपीएल 2026 में लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ली है. अरुण जेटली स्टेडियम में समीर रिजवी की तूफानी अर्धशतकीय पारी से दिल्ली ने मुंबई को 6 विकेट से शिकस्त दी. पहले बैटिंग करते हुए मुंबई ने 163 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे दिल्ली ने 11 गेंदे रहते हासिल कर लिया.

Zoom

समीर रिजवी की तूफानी पारी से जीती दिल्ली कैपिटल्स.

नई दिल्ली. आईपीएल 2026 के आठवें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हरा दिया. अपने घरेलू मैदान पर खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स के लिए जीत की इबारत 22 साल के समीर रिजवी ने लिखी, जिन्होंने 90 रन की पारी खेलकर मुंबई इंडियंस को मुकाबले से बाहर कर दिया. अरुण अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली टीम को यह सीजन में लगातर दूसरी जीत है, जिससे टीम पॉइंट्स टेबल में पंजाब किंग्स को पीछे छोड़कर पहले स्थान पर पहुंच गई है. अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस गंवाने के बाद मुंबई ने रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव की पारियों से 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए थे. लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम ने 18.1 ओवर में 4 विकेट खोकर जीत सुनिश्चित कर ली. समीर रिजवी के अलावा ओपनर पथुम निसांका ने महत्वपूर्ण 44 रन बनाए. दिल्ली कैपिटल्स ने अपने पहले मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराया था.

समीर रिजवी ने मुंबई का किया काम-तमाम
लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. टीम के 7 रन पर दो विकेट गिर चुके थे. हालांकि, नंबर-4 पर आए समीर रिजवी ने पथुम निसांका के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 67 रन जोड़कर दिल्ली की पारी को संभाला. निसांका को 44 रन के निजी स्कोर पर मिचेल सैंटनर ने कैच आउट कराकर दिल्ली को बड़ा झटका दिया. एक बार को लगा कि यहां से मुंबई वापसी करेगी, लेकिन रिजवी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मुंबई को मैच से पूरी तरह बाहर कर दिया. रिजवी ने सिर्फ 31 गेंदों में फिफ्टी ठोकी. इसके बाद वह और तेजी से रन बनाते दिखे. हालांकि, शतक के करीब पहुंचकर कॉर्बिन बॉश का शिकार हो गए. रिजवी ने 51 गेंदों में 90 रन की मैच विनिंग पारी खेली, जिसमें 7 चौके और इतने ही छक्के शामिल रहे. उनकी जबरदस्त बैटिंग ने मुंबई को मैच में लौटने का कोई मौका नहीं दिया. मुंबई के गेंदबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके.

समीर रिजवी ने बनाए 90 रन.

रोहित-सूर्या की मेहनत बेकार
मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने खराब शुरुआत के बावजूद 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए. तीसरे ओवर में रयान रिकलटन (9) और तिलक वर्मा (0) के विकेट खो दिए थे. उस समय तक टीम के खाते में सिर्फ 18 ही रन जुड़ सके थे. हार्दिक पंड्या के स्थान पर डीसी की कमान संभाल रहे सूर्यकुमार यादव ने यहां से रोहित शर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 40 गेंदों में 53 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूती दी. रोहित 26 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 35 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सूर्या ने 36 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 51 रन टीम के खाते में जोड़े. इनके अलावा, नमन धीर ने 28 रन और मिचेल सेंटनर ने नाबाद 18 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. हालांकि, यह स्कोर टीम की जीत के काम न आ सका.

दिल्ली की शानदार बॉलिंग
टॉस जीतकर कप्तान अक्षर पटेल के गेंदबाजी के फैसले पर टीम के बॉलर्स खरे उतरे. गेंदबाजों ने मुंबई के बल्लेबाजों को ज्यादा हाथ खोलने का मौका नहीं दिया. कुलदीप यादव को छोड़ दें तो सभी ने 10 से कम की इकॉनमी से रन दिए. मुकेश कुमार ने तीन ओवर में सिर्फ 26 रन देते हुए दो विकेट चटकाए. यह दोनों विकेट एक ही ओवर में आए, जब उन्होंने रयान रिकेल्टन और तिलक वर्मा को चलता किया. लुंगी एनगीडी ने अपने चार ओवर के कोटे में 34 रन देकर एक विकेट चटकाया. कप्तान अक्षर पटेल ने भी किफायती गेंदबाजी की और 22 रन देकर एक विकेट लिया. विप्रज निगम और टी नटराजन को भी एक-एक विकेट मिला.

पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 दिल्ली
दिल्ली कैपिटल्स के इस जीत से दो मैचों में चार अंक हो गए हैं और वह +1.170 के सबसे बेस्ट रन रेट के साथ पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 बन गई है. पंजाब किंग्स के भी इतने ही अंक हैं, लेकिन रन रेट की वजह से वह दूसरे स्थान पर है. राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस एक-एक जीत के साथ क्रमशः तीसरे, चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर हैं. गुजरात टाइटंस, लखनऊ सुपर जायंट्स, कोलकाता नाइटराइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स का खाता नहीं खुला है. ये टीमें क्रमशः सातवें, आठवें, नौवें और दसवें स्थान पर हैं.

About the Author

Shivam Upadhyay

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें



Source link