बजरंगगढ़ में नदी में मिला लापता युवक का शव: हनुमान जयंती के दिन टेकरी पर दर्शन करने का कहकर निकला था; नदी के पास मिली थी बाइक – Guna News

बजरंगगढ़ में नदी में मिला लापता युवक का शव:  हनुमान जयंती के दिन टेकरी पर दर्शन करने का कहकर निकला था; नदी के पास मिली थी बाइक – Guna News




गुना के बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र में लापता युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। आरोन निवासी 28 वर्षीय कमल साहू, जो 2 अप्रैल से लापता था, उसका शव शनिवार सुबह चौपेट नदी में तैरता हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी कृपाल सिंह परिहार के अनुसार, कमल साहू 2 अप्रैल की शाम घर से यह कहकर निकला था कि वह अपनी ससुराल सेमरी और हनुमान टेकरी दर्शन के लिए जा रहा है। लेकिन 3 अप्रैल तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आरोन थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शुक्रवार को पुलिस को बजरंगगढ़ के पास चौपेट नदी किनारे एक लॉक लगी बाइक मिली, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और आसपास सर्चिंग शुरू की गई। शनिवार सुबह सर्चिंग के दौरान मृतक के ससुर सहित अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे, तभी नदी में युवक का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। मृतक के भाई अंकित साहू ने बताया कि कमल ने घर से निकलते समय किसी प्रकार की परेशानी का जिक्र नहीं किया था और न ही उसकी किसी से कोई रंजिश थी। उसका मोबाइल भी अगले दिन से बंद आ रहा था। मृतक के परिवार में पत्नी और दो साल की एक बेटी है। वह परिवार के साथ गल्ले के व्यापार से जुड़ा हुआ था। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।



Source link