शिवपुरी जिले में शनिवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। तेज बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की चिंता बढ़ गई है। शहर सहित बदरवास और पिछोर तहसील क्षेत्रों में बादलों की गड़गड़ाहट और आकाशीय बिजली के साथ मूसलाधार बारिश हुई, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार, शिवपुरी शहर में देर शाम तेज बारिश शुरू हुई और आसमान में लगातार बिजली चमकती रही। इसके बाद पिछोर तहसील के कई गांवों में भी भारी बारिश दर्ज की गई। पिछोर नगर में चने के आकार के ओले गिरने की सूचना मिली है। शिवपुरी-कोलारस अनुविभाग के अकाझिरी, माढागणेशखेड़ा, डगपीपरी और देहरदा गुरूकुदवाया गांवों में लगभग 10 मिनट तक तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इसी तरह बदरवास तहसील के ग्राम बामोरखुर्द में भी बारिश और ओले गिरे। पिछोर तहसील के बाचरौन, भरतपुर, सेमरी, भगवा और लभेड़ा जराय सहित कई गांवों में बारिश के कारण मौसम ठंडा हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश और ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल और कटाई के बाद रखी उपज को भारी नुकसान होने की आशंका है।
Source link