Last Updated:
rajasthan royals beat Gujarat titans: राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 में लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए गुजरात टाइटंस को भी शिकस्त दे दी है. अपने पहले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को मात देनी वाली रियान पराग की टीम ने गुजरात को लास्ट बॉल थ्रिलर मैच में उसी के घर में 6 रन से हराया. इस जीत से राजस्थान रॉयल्स पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 बन चुकी है.
आखिरी गेंद पर राजस्थान रॉयल्स ने मारी बाजी.
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 के नौवें मुकाबले में गजब का रोमांच देखने को मिला, जिसमें राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को 6 रन से हरा दिया. राजस्थान रॉयल्स की इस सीजन में यह लगातार दूसरी जीत है, जिससे टीम पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गई है. वहीं, गुजरात को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है. नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले का नतीजा पूरे 40 ओवर के खेल के बाद तय हुआ. मैच में रोमांच आखिरी गेंद तक बना रहा. कई मौके ऐसे आए, जब कभी लगा कि गुजरात की जीत होगी तो कभी राजस्थान को जीत तय नजर आई. हालांकि, हार-जीत का फैसला आखिरी गेंद पर हुआ. राजस्थान रॉयल्स ने पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट खोकर 210 रन बनाए थे. जवाब में गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज 8 विकेट खोकर 204 रन तक ही पहुंच सके.
211 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत जोरदार रही. कुमार कुशाग्र और साई सुदर्शन ने मिलकर पहले विकेट के लिए 7.6 ओवर में 78 रन जोड़े. कुशाग्र ने 18 रन बनाए. वहीं, सुदर्शन बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 44 गेंदों में 73 रनों की दमदार पारी खेली. सुदर्शन ने अपनी इस पारी में 9 चौके और 3 छक्के लगाए. जोस बटलर अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और वह 14 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए. ग्लेन फिलिप्स बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, वॉशिंगटन सुंदर 4 रन ही बना सके. राहुल तेवितिया 6 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, शाहरुख खान ने 4 गेंदों में 11 रन बनाए.
आखिरी गेंद पर राजस्थान रॉयल्स ने मारी बाजी.
अंतिम ओवरों में राशिद खान और कगिसो रबाडा ने 30 गेंदों में 43 रनों की ताबड़तोड़ साझेदारी निभाई, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके. राशिद ने 16 गेंदों में 24 रन बनाए, जबकि रबाडा ने 16 गेंदों में 23 रन बनाकर नाबाद रहे. आखिरी के दो ओवर में जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे ने शानदार गेंदबाजी की. राजस्थान रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी में रवि बिश्नोई ने 4 ओवर के स्पेल में 41 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए. वहीं, नांद्रे बर्गर और तुषार देशपांडे ने एक-एक विकेट चटकाया.
इससे पहले टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत दमदार रही. यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 6.2 ओवर में 70 रन जोड़े. वैभव ने 18 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौके और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाए. वहीं, यशस्वी ने 36 गेंदों में 55 रनों की शानदार पारी खेली. नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे ध्रुव जुरैल बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 42 गेंदों में 75 रनों की लाजवाब पारी खेली. जुरैल ने अपनी इस पारी में 5 चौके और 5 छक्के लगाए. जुरैल ने दूसरे विकेट के लिए यशस्वी संग मिलकर 56 रनों की अहम साझेदारी निभाई. शिमरोन हेटमायर ने 8 गेंदों में 18 रन बनाए.
हालांकि, कप्तान रियान पराग बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 8 रन बनाकर आउट हुए. रवींद्र जडेजा 7 रन बनाकर नाबाद रहे. जुरैल-यशस्वी की शानदार पारियों के दम पर राजस्थान रॉयल्स की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 210 रन लगाने में सफल रही. गेंदबाजी में गुजरात टाइटंस की ओर से सर्वाधिक 2 विकेट कगिसो रबाडा ने चटकाए. यह राजस्थान रॉयल्स की लगातार दूसरी जीत है, जबकि गुजरात टाइटंस को इस सीजन की लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी है.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें