मंदसौर जिले के गांधी सागर इलाके में नकली दूध के खिलाफ आवाज उठाना एक शख्स को भारी पड़ गया। व्हाट्सएप ग्रुप पर नकली दूध बेचने वालों के खिलाफ मैसेज डालने से नाराज एक युवक ने पोस्ट करने वाले व्यक्ति के साथ बीच रास्ते में मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दे दी। गांधी सागर पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रविवार को फरियादी दीप सिंह सोलंकी ने पुलिस को बताया कि आज शाम जब वे गैस की टंकी लेने जा रहे थे, तभी देवा गुर्जर नाम का युवक वहां पहुंचा। देवा ने उन्हें रोककर सीधे सवाल किया, “तुमने किसके कहने पर नकली दूध वाली पोस्ट डाली है?” इसके बाद उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और दीप सिंह के साथ हाथापाई करते हुए उनके साथ मारपीट की। “दोबारा पोस्ट की तो जान से मार दूंगा” मारपीट करने के बाद आरोपी देवा ने जाते-जाते दीप सिंह को डराया और कहा कि अगर आगे से दूध के बारे में कोई भी पोस्ट सोशल मीडिया पर डाली, तो वह उन्हें जान से मार देगा। इस घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई, जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस की कार्रवाई और जांच गांधी सागर पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस आरोपी देवा गुर्जर की तलाश में है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हमले के पीछे और कौन-कौन से लोग शामिल हैं। नकली दूध के कारोबार पर उठ रहे सवाल स्थानीय सूत्रों का कहना है कि गांधी सागर क्षेत्र में लंबे समय से नकली दूध की सप्लाई की शिकायतें मिल रही हैं, जो लोगों की सेहत के लिए बड़ा खतरा है। जागरूक लोग अक्सर सोशल मीडिया के जरिए ऐसे मिलावटखोरों को बेनकाब करने की कोशिश करते हैं।
Source link