डॉ. संजय गुप्ता बने मध्यप्रदेश नर्सिंग होम एसोसिएशन के अध्यक्ष: एनुअल मीटिंग में बताएंगे रोडमैप, मरीजों का अस्पतालों के प्रति भरोसा बढ़ाने पर रहेगा फोकस – Bhopal News

डॉ. संजय गुप्ता बने मध्यप्रदेश नर्सिंग होम एसोसिएशन के अध्यक्ष:  एनुअल मीटिंग में बताएंगे रोडमैप, मरीजों का अस्पतालों के प्रति भरोसा बढ़ाने पर रहेगा फोकस – Bhopal News




मध्यप्रदेश नर्सिंग होम एंड हॉस्पिटल एसोसिएशन (MPNHA) के नए अध्यक्ष के रूप में डॉ. संजय गुप्ता का चयन किया गया है। वे पूर्व अध्यक्ष डॉ. रणधीर सिंह की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे। इस अवसर पर रविवार शाम 7 बजे भोपाल के होटल सायाजी में एसोसिएशन की एनुअल मीटिंग आयोजित की जाएगी, जिसमें नई कार्यकारिणी समिति की घोषणा भी की जाएगी। डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि बैठक के दौरान वे अपने कार्यकाल का रोडमैप भी पेश करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य फोकस डॉक्टरों, अस्पताल स्टाफ और मरीजों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना रहेगा। उनका मानना है कि जब मरीज और अस्पताल के बीच भरोसा मजबूत होगा, तो इलाज के परिणाम भी बेहतर होंगे। उन्होंने कहा कि मरीजों का विश्वास बढ़ाने के लिए पारदर्शिता और सही जानकारी देना बेहद जरूरी है। इससे मरीज डॉक्टर की सलाह को गंभीरता से लेंगे और इलाज से जुड़े निर्देशों का पालन बेहतर तरीके से करेंगे। इसका सीधा असर रोग की रोकथाम और उपचार की सफलता पर पड़ेगा। डॉ. गुप्ता के अनुसार, कई बार संवाद की कमी के कारण अस्पतालों को लेकर नकारात्मक धारणा बनती है। यदि इस अंतर को दूर किया जाए, तो ऐसी स्थितियों में कमी लाई जा सकती है। मीटिंग में एसोसिएशन की आगामी रणनीतियों पर भी चर्चा होगी। इसमें अस्पतालों की कार्यप्रणाली में सुधार, मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने जैसे मुद्दों पर फोकस रहेगा। नई टीम के गठन के साथ ही MPNHA से उम्मीद की जा रही है कि वह प्रदेश में निजी अस्पतालों की सेवाओं को और मजबूत बनाएगी और मरीजों के हित में ठोस पहल करेगी।



Source link