Last Updated:
दतिया के सोनागिर जैन मंदिर में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है. चोर करीब 10 किलो चांदी की मूर्ति और सिंहासन लेकर फरार हो गए. मंदिर की दान पेटी भी तोड़ी गई. CCTV कैमरे बंद थे और पास में पुलिस चौकी होने के बावजूद चोरी हो गई. घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
दतिया मंदिर में चोरी के बाद से पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं.
अशोक शर्मा
दतिया. प्रसिद्ध सोनागिर जैन मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. चोर श्री चंद्रप्रभु मंदिर से करीब 7.5 किलो वजनी भगवान की मूर्ति और करीब ढाई किलो चांदी का सिंहासन लेकर फरार हो गए. कुल मिलाकर करीब 10 किलो चांदी की चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. हैरानी की बात यह है कि मंदिर के ठीक पास पुलिस चौकी मौजूद है, फिर भी चोर वारदात को अंजाम देकर आसानी से निकल गए. इस घटना ने न सिर्फ स्थानीय लोगों बल्कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की भावनाओं को भी झकझोर दिया है. सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे, तब चोरी का खुलासा हुआ.
मंदिर की दान पेटी भी टूटी मिली, जिसमें रखी नगदी भी चोर ले गए. CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग 25 मार्च से बंद होना और पुलिस की मौजूदगी के बावजूद चोरी होना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. चोर सीधे गर्भगृह तक पहुंचे और वहां स्थापित भगवान श्री चंद्रप्रभु की चांदी की मूर्ति को निशाना बनाया. साथ ही चांदी का सिंहासन भी उखाड़कर ले गए. यह साफ संकेत है कि चोरों को मंदिर के अंदरूनी ढांचे और कीमती वस्तुओं की जानकारी पहले से थी.
दान पेटी तोड़कर नगदी भी ले गए
मंदिर परिसर में रखी दान पेटी को भी तोड़ा गया. इसमें मौजूद नगदी को चोर अपने साथ ले गए. इससे यह आशंका और गहरी हो जाती है कि चोरी सुनियोजित तरीके से की गई.
CCTV 25 मार्च से बंद, जांच में बड़ा सुराग
मंदिर में लगे CCTV कैमरे 25 मार्च से बंद बताए जा रहे हैं. ऐसे में चोरी की पूरी घटना रिकॉर्ड नहीं हो सकी. पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कैमरे अचानक बंद कैसे हुए और क्या इसमें किसी अंदरूनी लापरवाही या साजिश की भूमिका है.
पुलिस चौकी के पास वारदात, सुरक्षा पर सवाल
मंदिर के पास ही पुलिस चौकी बनी हुई है. इसके बावजूद चोरों का इस तरह से वारदात करना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के समय पुलिसकर्मी सो रहे थे.
जैन समाज का प्रमुख तीर्थ, देशभर से आते हैं श्रद्धालु
सोनागिर जैन मंदिर देश के प्रमुख जैन तीर्थ स्थलों में से एक माना जाता है. यहां हर साल हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं. इस तरह की घटना से धार्मिक आस्था को ठेस पहुंची है और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है.
जांच में जुटी पुलिस, अब तक सुराग नहीं
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. हालांकि अब तक चोरों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है. आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. स्थानीय लोगों और जैन समाज ने मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है. उनका कहना है कि CCTV सिस्टम को दुरुस्त किया जाए और 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
About the Author
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें