दुनिया का वो गेंदबाज… जिसने पहली कमाई से खरीदे मां के लिए सोने के कंगन

दुनिया का वो गेंदबाज… जिसने पहली कमाई से खरीदे मां के लिए सोने के कंगन


होमखेलक्रिकेट

दुनिया का वो गेंदबाज… जिसने पहली कमाई से खरीदे मां के लिए सोने के कंगन

Last Updated:

usman tariq buy gold bracelets for his mother: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी अजीबोंगरीब एक्शन से छाने वाले उस्मान तारिक की कहानी क्रिकेट से कहीं बढ़कर है. कभी यूएई की सड़कों पर सेल्समैन रहे इस गेंदबाज ने स्टार बनते ही अपनी पहली कमाई से मां के लिए सोने के कंगन खरीदे. बचपन में परिवार की तंगहाली दूर करने के लिए मां ने अपने गहने बेच दिए थे, जिसे इस क्रिकेटर बेटे ने अपनी मेहनत के दम पर सूद समेत वापस लौटाया.

Zoom

उस्मान तारिक की मां ने बेटे के सपने को पूरा करने के लिए सोने के कंगन बेच दिए थे.

नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट टीम का टी20 वर्ल्ड कप में प्रदर्शन भले उनके फैंस के लिए किसी बुरे सपने जैसा रहा हो, लेकिन इस मलबे के बीच से एक ऐसा हीरा निकलकर आया जिसने पूरी दुनिया को अपनी जादुई उंगलियों और अनोखे एक्शन से हैरान कर दिया. यह कहानी है 28 साल के रहस्यमयी स्पिनर उस्मान तारिक की. मैदान पर उनकी गेंदों ने बल्लेबाजों के स्टंप्स उड़ाए, तो मैदान के बाहर उनकी सादगी और संघर्ष की कहानी ने करोड़ों लोगों का दिल जीत लिया. सोशल मीडिया पर उस्मान तारिक का एक ताजा इंटरव्यू तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अपनी पहली बड़ी कमाई के इस्तेमाल के बारे में खुलासा किया है. उस्मान ने बताया कि जब उनके पास क्रिकेट से अच्छे पैसे आने शुरू हुए, तो उनकी प्राथमिकता कोई लग्जरी कार या आलीशान बंगला खरीदना नहीं था.

उस्मान तारिक (Usman Tariq) ने नम आंखों से बताया, ‘मैंने सबसे पहले अपनी मां के लिए सोने के कंगन खरीदे.’ इसके पीछे की वजह बेहद मार्मिक है. बचपन के तंगहाली के दिनों में जब परिवार के पास गुजर-बसर के लिए पैसे नहीं थे तब उनकी मां ने बच्चों की जरूरतों और घर चलाने के लिए अपने सोने के कंगन बेच दिए थे. उस्मान ने उस त्याग को अपने दिल में दबाए रखा और जैसे ही कुदरत ने उन्हें मौका दिया, उन्होंने सबसे पहले अपनी मां की उस ‘कुर्बानी’ का कर्ज उतारा.

उस्मान तारिक की मां ने बेटे के सपने को पूरा करने के लिए सोने के कंगन बेच दिए थे.

सेल्समैन से टी20 इंटरनेशनल हैट्रिक तक का सफर
उस्मान तारिक की सफलता का रास्ता मखमल जैसा नहीं था. एक वक्त था जब वह संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की तपती धूप में एक सेल्समैन के रूप में काम करते थे. दिन भर सामान बेचना और शाम को अपने सपनों को जिंदा रखने के लिए पसीना बहाना उनकी दिनचर्या थी. लेकिन उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने सेल्समैन की वर्दी उतारकर पाकिस्तान की हरी जर्सी पहनी. आज उस्मान पाकिस्तान की टी20 टीम के एक अहम स्तंभ बन चुके हैं. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी धार साबित करते हुए टी20 इंटरनेशनल में हैट्रिक भी अपने नाम की है. उनकी सफलता का ग्राफ किसी फिल्मी पटकथा जैसा लगता है, जहां एक गुमनाम खिलाड़ी अपनी मेहनत के दम पर दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लेता है.

गेंदबाजी का अनोखा एक्शन
उस्मान तारिक का गेंदबाजी एक्शन दुनिया के किसी भी अन्य स्पिनर से बिल्कुल अलग है. वह गेंद को रिलीज करने से ठीक पहले एक पल के लिए रुकते हैं और उनका हाथ नीचे की तरफ से (साइड-ऑर्म) आता है. कई दिग्गज बल्लेबाजों ने उनके एक्शन को ‘अवैध’ तक कह दिया, लेकिन इसके पीछे की सच्चाई जानकर हर कोई दंग रह गया. उस्मान ने खुद खुलासा किया कि उनकी बाजू में बायोलॉजिकल तौर पर दो कोहनियां हैं. उनका हाथ कुदरती रूप से मुड़ता है, जो देखने में ‘चकिंग’ जैसा लग सकता है. लेकिन असल में यह एक शारीरिक विशेषता है. उन्होंने कहा, ‘मेरी पूरी जांच हो चुकी है और आईसीसी से मुझे क्लीन चिट मिली है. लोग सोचते हैं कि मैं जानबूझकर बांह मोड़ता हूं, लेकिन यह कुदरती है.’ यही वजह है कि उनकी गेंदों की गति और स्पिन को पढ़ पाना बल्लेबाजों के लिए एक अभूतपूर्व चुनौती बन गया है.

‘पॉज एंड रिलीज’ और साइड-ऑर्म एक्शन से बल्लेबाज की टाइमिंग खराब कर देते हैं
अगर हम उस्मान की तुलना समकालीन स्पिनरों से करें, तो वह कई मायनों में अलग खड़े नजर आते हैं. जहां राशिद खान या सुनील नरेन अपनी कलाई और उंगलियों के दम पर चकमा देते हैं, वहीं उस्मान अपने ‘पॉज एंड रिलीज’ (रुक कर गेंद फेंकना) और साइड-ऑर्म एक्शन से बल्लेबाज की टाइमिंग खराब कर देते हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जब पाकिस्तान के बड़े-बड़े नाम फ्लॉप हो रहे थे, तब उस्मान ने अपनी सटीक लाइन-लेंथ और जादुई स्पिन से बड़े विकेट चटकाए. सेल्समैन से सुपरस्टार बनने का उनका सफर उन्हें मानसिक रूप से अन्य खिलाड़ियों से ज्यादा मजबूत बनाता है.

मेहनत और दुआओं का असर
उस्मान तारिक की कहानी महज क्रिकेट के आंकड़ों तक सीमित नहीं है. यह कहानी उस बेटे की है जिसने अपनी मां के आंसुओं की कीमत समझी और उस खिलाड़ी की है जिसने अपनी शारीरिक कमी (दो कोहनियों) को ही अपनी सबसे बड़ी ताकत बना लिया. टी20 वर्ल्ड कप भले ही पाकिस्तान के लिए खराब रहा हो, लेकिन उस्मान तारिक के रूप में उन्हें एक ऐसा स्पिन गेंदबाज मिला है, जो आने वाले समय में विश्व क्रिकेट पर राज करने का माद्दा रखता है. मां के हाथों में चमकते वो नए कंगन आज उस्मान की सबसे बड़ी ‘ट्रॉफी’ है.

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें



Source link