MP Development Projects: मध्य प्रदेश का खंडवा शहर अब तेजी से विकास की राह पर बढ़ रहा है. आने वाले 2 से 3 सालों में यहां का पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर बदलने वाला है.रेलवे, सड़क और कनेक्टिविटी से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट एक साथ शुरू हो चुके हैं, जिससे शहर की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी.
रेलवे में बड़े बदलाव, बढ़ेगी कनेक्टिविटी
खंडवा में रेलवे के कई बड़े प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिल चुकी है. भुसावल-इटारसी रूट पर तीसरी और चौथी लाइन डाली जा रही है, जिससे ट्रेनों की आवाजाही और तेज होगी. साथ ही खंडवा से आलीराजपुर तक नई रेल लाइन बिछाई जा रही है, जिससे आदिवासी क्षेत्रों को सीधा फायदा मिलेगा और कनेक्टिविटी मजबूत होगी.
आधुनिक बनेगा खंडवा रेलवे स्टेशन
खंडवा रेलवे स्टेशन को भी अब आधुनिक रूप दिया जा रहा है. करीब 350 करोड़ रुपए की लागत से स्टेशन का री-डेवलपमेंट होगा. यहां 4 से 5 मंजिला नया भवन बनेगा और यात्रियों को हर तरह की आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी.
सड़कों का जाल, गांव-शहर होंगे कनेक्ट
खंडवा जिले में सड़कों के विस्तार पर भी तेजी से काम हो रहा है. खंडवा से पंधाना के बीच डोलहार होते हुए करीब 24 किलोमीटर सड़क को डबल लेन में बदला जा रहा है.इससे गांव और शहर के बीच कनेक्टिविटी और बेहतर होगी.
इंदौर रोड बनेगा फोरलेन, जाम से मिलेगी राहत
खंडवा से छैगांवमाखन तक करीब 10 किलोमीटर सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा. करीब 96 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस प्रोजेक्ट में बायपास भी शामिल है. इससे ट्रैफिक जाम और हादसों में कमी आएगी और सफर सुरक्षित होगा.
टनल के साथ बनेगा नया हाईवे
इंदौर-खंडवा के बीच नेशनल हाईवे 347 पर करीब 33 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क बनाई जा रही है. इस प्रोजेक्ट की खास बात यह है कि इसमें 3 टनल भी बनाई जाएंगी, जिससे पहाड़ी रास्तों पर सफर आसान और सुरक्षित होगा.यह सड़क तेजाजीनगर से बलवाड़ा तक बनाई जा रही है.
ट्रैफिक और सफर दोनों होंगे आसान
इन सभी प्रोजेक्ट्स के पूरा होने के बाद शहर में ट्रैफिक का दबाव कम होगा. लोगों को जाम से राहत मिलेगी और सफर भी पहले से ज्यादा तेज और आसान हो जाएगा. LOCAL 18 से बातचीत में शहर के नागरिक सुनील जैन का कहना है कि इन प्रोजेक्ट्स से खंडवा का आर्थिक और सामाजिक विकास तेजी से होगा.नई सड़कें और रेल लाइन बनने से व्यापार बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे.
अतिक्रमण हटाकर हो रहा व्यवस्थित विकास
रेलवे और सड़क प्रोजेक्ट्स के लिए जमीन खाली कराई जा रही है.सरकार द्वारा अतिक्रमण हटाने के साथ प्रभावित लोगों के पुनर्वास पर भी ध्यान दिया जा रहा है, ताकि विकास के साथ संतुलन बना रहे. खंडवा अब तेजी से बदलने जा रहा है.रेलवे, सड़क और कनेक्टिविटी के बड़े प्रोजेक्ट्स शहर को नया रूप देंगे और आने वाले समय में खंडवा एक विकसित शहर के रूप में सामने आएगा.