बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र में महुआ बीनने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना ग्राम सिंगरईखापा में हुई, जहां 48 वर्षीय खुड्डा धुर्वे की मौत हुई। उनकी पत्नी लक्ष्मी धुर्वे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके खेत के पास पड़ोसी राकेश धुर्वे का खेत है, जिसकी मेड़ पर महुआ का एक पेड़ लगा है। महुआ के मौसम में दोनों पक्ष उस पेड़ से महुआ बीनते थे। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे खुड्डा धुर्वे महुआ बीनने खेत पहुंचे थे। इसी दौरान महुआ बीनने को लेकर उनका राकेश धुर्वे से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद उसने लकड़ी से खुड्डा धुर्वे पर हमला कर दिया। पत्नी से भी कहासुनी और गाली-गलौज हुई
बताया गया है कि घटना से पहले मृतक की आरोपी की पत्नी से भी कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी। उस समय आरोपी राकेश धुर्वे घर पर सो रहा था। जैसे ही उसे इस विवाद की जानकारी मिली, वह लकड़ी लेकर मौके पर पहुंचा और आवेश में आकर खुड्डा धुर्वे पर हमला कर दिया। हमले में घायल खुड्डा मौके पर ही गिर पड़े। परिजन घायल खुड्डा को तत्काल अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पहले मर्ग कायम कर मारपीट का मामला दर्ज किया था। मौत के बाद अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की और आरोपी की तलाश शुरू की। जिला साइबर शाखा की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई और उसे 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से पूछताछ के बाद घटना में प्रयुक्त लकड़ी भी जब्त कर ली गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी हरिओम पटेल और उनकी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link