विदिशा में शराब दुकान शिफ्टिंग पर चक्काजाम, विरोध तेज: मेन रोड पर लौटाने की तैयारी से नाराज लोग सड़क पर उतरे, जाम-झगड़ों की वापसी का डर – Vidisha News

विदिशा में शराब दुकान शिफ्टिंग पर चक्काजाम, विरोध तेज:  मेन रोड पर लौटाने की तैयारी से नाराज लोग सड़क पर उतरे, जाम-झगड़ों की वापसी का डर – Vidisha News




विदिशा के पीतलमिल क्षेत्र में शराब की दुकान को मुख्य सड़क पर वापस लाने की आबकारी विभाग की कथित तैयारी के खिलाफ रविवार को स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। विभाग की कार्रवाई के बाद बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया। जानकारी के अनुसार, हाल ही में यह दुकान मुख्य सड़क से हटाकर एक गली में स्थानांतरित की गई थी, जिससे स्थानीय निवासियों ने राहत महसूस की थी। हालांकि, आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान में ताला लगा दिया और इसे दोबारा मुख्य सड़क पर शिफ्ट करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। विरोध की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आर.के. मिश्रा मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे। आए दिन जाम, मारपीट जैसी घटनाएं होती थीं
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से मुख्य सड़क पर दुकान संचालित होने के कारण आए दिन जाम, विवाद, गाली-गलौज और मारपीट जैसी घटनाएं होती थीं। विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। दुकान के गली में स्थानांतरित होने के बाद क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनी थी, जिससे लोग संतुष्ट थे। आशा सिंह राजपूत ने आबकारी विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग बिना किसी लिखित आदेश या नोटिस के कार्रवाई कर रहा है, जो नियमों के विरुद्ध है। राजपूत ने यह भी आरोप लगाया कि किसी राजनीतिक दबाव में दुकान को दोबारा मुख्य सड़क पर स्थानांतरित कराने की कोशिश की जा रही है। शिफ्ट किया तो आंदोलन की चेतावनी
ठेकेदार के मुताबिक, पुरानी जगह पर किराया अधिक और जगह कम थी, जबकि नई जगह (अंदर) में पर्याप्त स्थान और कम किराया है। इसके साथ ही, दुकान के स्थानांतरण से लोगों को भी राहत मिली है। ठेकेदार ने बताया कि दुकान शिफ्ट करने से पहले विभाग को आवेदन भी दिया गया था। रहवासियों, खासकर महिलाओं ने स्पष्ट तौर पर कहा कि मेन रोड पर दुकान होने से उन्हें रोजना परेशानी का सामना करना पड़ता था। सड़क पर शराब पीना, गाली-गलौज और झगड़े आम बात थी। अब जब दुकान अंदर शिफ्ट हो गई थी, तो माहौल शांत हुआ था, लेकिन दोबारा दुकान को पुरानी जगह लाने की कोशिश हो रही है , जिसके कारण लोगों में आक्रोश है। रहवासियों ने साफ कर दिया है कि यदि दुकान को दोबारा मेन रोड पर शिफ्ट किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।



Source link