Last Updated:
turning points: आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में तुषार देशपांडे राजस्थान रॉयल्स की जीत के सबसे बड़े नायक बनकर उभरे. अंतिम ओवर में गुजरात टाइटंस को जीत के लिए 11 रनों की दरकार थी, लेकिन देशपांडे ने अपनी सटीक यॉर्कर और धारदार गेंदबाजी के दम पर महज 4 रन दिए. उन्होंने खतरनाक राशिद खान का विकेट चटकाकर मैच का पासा पूरी तरह पलट दिया. कप्तान रियान पराग का देशपांडे पर भरोसा जताना मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ और राजस्थान ने यह मैच 6 रनों से अपने नाम किया.
तुषार देशपांडे का आखिरी ओवर बना मैच का टर्निंग पॉइंट.
नई दिल्ली. राजस्थान रॉयल्स ने सांस रोक देने वाले बेहद रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस को उनके घर में घुसकर 6 रन से हरा दिया. एक समय ऐसा लग रहा था कि गुजरात की टीम यह मैच आसानी से जीत लेगी, लेकिन आखिरी ओवर में तुषार देशपांडे की कातिलाना गेंदबाजी ने मैच का पासा पलट दिया. 11 रन के बचाव में देशपांडे ने केवल 4 रन दिए और राजस्थान को एक ऐसी जीत दिलाई जिसे सालों तक याद रखा जाएगा. जब गुजरात टाइटंस को आखिरी 6 गेंदों में जीत के लिए 11 रनों की दरकार थी, तब क्रीज पर ‘फिनिशर’ राशिद खान और कगिसो रबाडा जैसे बड़े हिटर मौजूद थे. राजस्थान के कप्तान रियान पराग के पास संदीप शर्मा और नांद्रे बर्गर जैसे अनुभवी और इंटरनेशनल गेंदबाजों के विकल्प मौजूद थे, लेकिन उन्होंने युवा तुषार देशपांडे पर भरोसा जताया. पराग का यह फैसला मैच का सबसे बड़ा ‘टर्निंग पॉइंट’ साबित हुआ.
तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे (Tushar Deshpande) जब अंतिम ओवर लेकर आए, तो पूरे स्टेडियम में सन्नाटा पसरा था. गुजरात के खेमे में जीत की उम्मीद थी, तो राजस्थान के खिलाड़ी दबाव में थे. 20वें ओवर की पहली गेंद लो फुल-टॉस रही जो वाइड निकली. अगली लीगल डिलीवरी पर रबाडा ने सिंगल लिया. अब 5 गेंदों में 9 रन चाहिए थे.देशपांडे ने दूसरी गेंद शानदार यॉर्कर डाली, जिसे राशिद खान केवल थर्ड मैन की ओर खेल पाए. अब समीकरण 4 गेंदों में 8 रन का था. देशपांडे ने तीसरी गेंद एक और सटीक यॉर्कर डाली. रबाडा ने इसे गेंदबाज की तरफ खेला, तुषार ने हाथ लगाया और केवल एक रन मिल सका. चौथी गेंद पर कोई रन नहीं बना. यहां से मैच राजस्थान की मुट्ठी में आने लगा. राशिद खान ने स्कूप शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन देशपांडे की गति और सटीक लाइन ने उन्हें छका दिया.अब 2 गेंदों में 7 रन की जरूरत थी. पांचवीं गेंद पर दबाव का असर राशिद खान पर दिखा.उन्होंने एक लेंथ बॉल पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद हवा में ऊंची उठ गई. बाउंड्री पर तैनात जोफ्रा आर्चर ने दौड़ते हुए शानदार डाइव लगाकर एक मुश्किल कैच लपका और राशिद (24 रन) की पारी का अंत कर दिया.
तुषार देशपांडे का आखिरी ओवर बना मैच का टर्निंग पॉइंट.
ओवर की आखिरी गेंद पर जीत के लिए छक्के की जरूरत थी. स्ट्राइक पर नए बल्लेबाज अशोक शर्मा थे. देशपांडे ने फिर से लो फुल-टॉस डाली, जिस पर अशोक केवल इनसाइड एज ले पाए. इसके साथ ही राजस्थान ने 6 रन से मैच जीत लिया.
‘यह मेरा इलाका है’
मैच खत्म होते ही तुषार देशपांडे ने मैदान पर दौड़ लगा दी और ‘दिस इज माई टेरिटरी’ (यह मेरा इलाका है) अंदाज में जश्न मनाया. कप्तान रियान पराग भी दौड़कर उनके पास आए और जोश से भर देने वाला ‘फिस्ट पंप’ किया. देशपांडे ने अपने स्पेल के आखिरी ओवर में जिस तरह का संयम दिखाया, उसने साबित कर दिया कि वह दबाव में बिखरने वाले नहीं बल्कि निखरने वाले खिलाड़ी हैं.
आखिरी गेंद पर राजस्थान रॉयल्स ने मारी बाजी.
मैच का टर्निंग पॉइंट
इस जीत का श्रेय जितना तुषार की गेंदबाजी को जाता है, उतना ही रियान पराग की कप्तानी को भी. संदीप शर्मा जैसे ‘डेथ ओवर स्पेशलिस्ट’ के होते हुए तुषार को गेंद थमाना एक बड़ा जुआ था, लेकिन देशपांडे ने अपनी सटीक यॉर्कर और स्लोअर बॉल्स से गुजरात के दिग्गजों को खामोश कर दिया. गुजरात की टीम 8 विकेट पर 204 के स्कोर पर सिमट गई और राजस्थान ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा. इस हार से गुजरात टाइटंस के डगआउट में मायूसी छा गई, जबकि राजस्थान के लिए यह जीत उनके आत्मविश्वास को सातवें आसमान पर ले जाने वाली रही.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें