अनूपपुर के कोतमा में अग्रवाल लॉज की बिल्डिंग गिरने से तीन लोगों की मौत और तीन के घायल होने की घटना के बाद सोमवार शाम कांग्रेस ने कैंडल मार्च निकाला। यह मार्च गांधी चौक पर आयोजित किया गया, जहां मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। कैंडल मार्च का नेतृत्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्याम कुमार ‘गुड्डू’ चौहान ने किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष श्याम कुमार ‘गुड्डू’ चौहान ने भाजपा और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यदि रेस्क्यू कार्य के दौरान सावधानी बरती जाती तो मलबे में दबे लोगों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भारी मशीनों के उपयोग से मलबे में दबे मजदूरों की मौत हुई। चौहान ने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत कार्य में गंभीरता नहीं दिखाई, बल्कि केवल औपचारिकता निभाई। उन्होंने नगर पालिका के सीएमओ और इंजीनियर के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। इसके अतिरिक्त, नगरीय प्रशासन जेडी कार्यालय शहडोल के वरिष्ठ अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की गई। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा।
Source link