खाना बनाते समय LPG सिलेंडर में लगी आग, युवक झुलसा: 65 किमी दूर जिला अस्पताल ले जाने सरकारी एंबुलेंस ने वसूले 1800 रुपए – Chhatarpur (MP) News

खाना बनाते समय LPG सिलेंडर में लगी आग, युवक झुलसा:  65 किमी दूर जिला अस्पताल ले जाने सरकारी एंबुलेंस ने वसूले 1800 रुपए – Chhatarpur (MP) News


छतरपुर जिले के लवकुशनगर में खाना बनाते समय एलपीजी सिलेंडर में आग लगने से महेंद्र सेन नामक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों ने उसे लवकुशनगर अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने गंभीर हालत में उसे छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

.

वर्तमान में युवक का इलाज जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई गई है। इधर, घायल के परिजनों ने आरोप लगाया है कि मरीज को लवकुशनगर से छतरपुर लाने के लिए निःशुल्क सरकारी एंबुलेंस के कर्मचारियों ने उनसे 1800 रुपए वसूले हैं।

खाना बनाते समय भड़की आग, शरीर का बड़ा हिस्सा जला

लवकुशनगर क्षेत्र में महेंद्र सेन अपने घर में खाना बना रहा था। इसी दौरान अचानक एलपीजी सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे युवक के शरीर का एक बड़ा हिस्सा जल गया। घटना के तुरंत बाद, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए आग पर काबू पाया और झुलसे हुए युवक को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के लिए उसे लवकुशनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए छतरपुर रेफर कर दिया गया।

परिजनों का आरोप- मजबूरी में देने पड़े 1800 रुपए

इस पूरे मामले में एम्बुलेंस सेवा को लेकर भी गंभीर आरोप सामने आए हैं। घायल युवक महेंद्र सेन की परिजन गायत्री सेन ने बताया कि लवकुश नगर अस्पताल से जिला अस्पताल तक ले जाने के लिए सरकारी एम्बुलेंस द्वारा उनसे 1800 रुपये वसूले गए। गायत्री सेन के अनुसार, सरकारी एम्बुलेंस सेवा निःशुल्क होती है, लेकिन मरीज की गंभीर हालत के कारण उन्हें मजबूरी में यह राशि देनी पड़ी।

प्रशासन से उचित कार्रवाई की उम्मीद

परिजनों ने बताया कि लवकुश नगर से छतरपुर की दूरी लगभग 60 से 65 किलोमीटर है। सरकारी सेवा के नाम पर पैसे वसूलना नियमों के खिलाफ है। इस घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था और एम्बुलेंस सेवाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने प्रशासन से इस मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की उम्मीद जताई है।



Source link