घर बैठे चयनकर्ताओं की नींद हराम, दो खिलाड़ियों ने बढ़ा दिया है उनका काम

घर बैठे चयनकर्ताओं की नींद हराम, दो खिलाड़ियों ने बढ़ा दिया है उनका काम


नई दिल्ली. आईपीएल जैसे बड़े मंच पर कभी-कभी कहानी सिर्फ जीत-हार की नहीं होती, बल्कि उन खिलाड़ियों की होती है जो खुद को फिर से साबित करने के लिए हर गेंद के साथ लड़ रहे होते हैं. लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेले गए इस मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां टीम इंडिया की टी20 तस्वीर से फिलहाल बाहर चल रहे दो खिलाड़ियों ने अपनी छाप छोड़ दी और मैच को यादगार बना दिया.

156 रनों का लक्ष्य कागज पर भले ही आसान लग रहा था, लेकिन लखनऊ की पारी में नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे, जिससे मुकाबला रोमांचक होता चला गया आखिरकार, जीत का जिम्मा ऋषभ पंत के कंधों पर आ गया, जिन्होंने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को सीजन की पहली जीत दिलाई.

शमी रहे शानदार 

खबरों में लगातार बने रहने वाले  मोहम्मद शमी ने चार ओवर में सिर्फ नौ रन देकर दो विकेट लेना, वह भी ऐसे टॉप ऑर्डर के खिलाफ जिसमें अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड और ईशान किशन जैसे बल्लेबाज शामिल हों, अपने आप में खास है.  शमी की क्लास एक बार फिर देखने को मिली, खासकर ट्रैविस हेड को आउट करने वाली गेंद पर. आजकल जहां गेंदबाज धीमी गेंदों पर ज्यादा निर्भर हो रहे हैं, वहीं शमी की यह तेज और सटीक गेंद उनकी काबिलियत का सबूत थी.  हेड शॉट खेलने के लिए जल्दी कमिट कर बैठे और जब तक संभलते, बहुत देर हो चुकी थी. शमी और कोच भरत अरुण की जोड़ी लखनऊ के लिए इस सीजन की सबसे बड़ी ताकत बन सकती है.

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भी शमी ने केएल राहुल को जल्दी आउट किया था, लेकिन SRH के खिलाफ तो उन्होंने मानो समय को पीछे मोड़ दिया. भारत के लिए लंबे समय तक शानदार प्रदर्शन करने वाले शमी के लिए यह सफर आसान नहीं है, खासकर तब जब राष्ट्रीय टीम के दरवाजे बंद नजर आते हों लेकिन उनका जज्बा और प्रतिबद्धता युवा खिलाड़ियों के लिए एक मिसाल है.

पंत ने भी डाली पर्ची

अब बात ऋषभ पंत की वह जानते थे कि मैच जीतने का मौका अभी भी मौजूद है उन्होंने तीसरे नंबर पर आकर लंबी पारी खेली, जो उनके आत्मविश्वास के लिए बेहद जरूरी थी. क्रिकेट जानकार मानते है कि पंत को ओपनिंग करनी चाहिए, लेकिन इस मैच में उनकी भूमिका और भी अहम थी. खास बात रही उनका शांत रहना, खासकर उस समय जब 19वें ओवर में मुकुल चौधरी लगातार तीन गेंदें खाली खेल गए और समीकरण आखिरी ओवर में 6 गेंदों पर 9 रन का हो गया. ऐसे दबाव में अक्सर बल्लेबाज घबरा जाते हैं, लेकिन पंत ने संयम दिखाया. उन्होंने मुकुल का हौसला बढ़ाया और खुद जिम्मेदारी संभाली. आखिरी ओवर की पहली ही गेंद पर सीधा चौका जड़कर उन्होंने अपनी मैच अवेयरनेस दिखाई. अगली गेंद पर उनका ट्रेडमार्क टेनिस-स्टाइल शॉट एक और चौके के लिए गया. इसके बाद मैच लगभग लखनऊ की झोली में आ गया.

इस पारी से बल्लेबाज पंत को आत्मविश्वास मिलेगा, जो कप्तान पंत के लिए भी बेहद जरूरी है. इससे लखनऊ के ड्रेसिंग रूम में भी एक सुकून और भरोसा आएगा.  टीम मालिक संजीव गोयनका की प्रतिक्रिया इस जीत के बाद देखने लायक थी, जो बताती है कि आईपीएल सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि भावनाओं और जुनून का संगम है.



Source link