चेन्नई की लगातार तीन हार, प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अब क्या है समीकरण?

चेन्नई की लगातार तीन हार, प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अब क्या है समीकरण?


होमखेलक्रिकेट

चेन्नई की लगातार तीन हार, प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अब क्या है समीकरण?

Last Updated:

How CSK can qualify for playoffs despite hattrick of defeats in ipl 2026: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में चेन्नई की टीम को 43 रन से शिकस्त मिली. शुरुआत तीन मैचों में हार की हैट्रिक लगाने के बाद फैंस यह जानने के लिए बेताब हैं कि यहां से सीएसके को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए क्या करना होगा. चलिए हम आपको बताते हैं.

Zoom

चेन्नई सुपर किंग्स का प्लेऑफ क्वालिफिकेशन समीकरण.

नई दिल्ली.चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2026 की शुरुआत बेहद खराब हुई है. येलो आर्मी के फैंस को उम्मीद थी कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में सीएसके की टीम वापसी करते हुए सीजन की पहली जीत दर्ज करेगी, लेकिन हुआ बिल्कुल उल्टा. बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सीएसके ने 43 रन से मैच गंवाकर हार की हैट्रिक लगा दी. इस हार ने चेन्नई को अंकतालिका में सबसे निचले स्थान पर पहुंचा दिया है. टीम की इस घटिया शुरुआत के बाद सवाल उठने लगा है कि आखिर यहां से चेन्नई की टीम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर पाएगी? फैंस यह जानना चाहते हैं कि तीन हार के बाद सीएसके का टॉप-4 में जगह पक्की करने के लिए क्या समीकरण है? उसे कितने मैच जीतने होंगे? चलिए जानते हैं…

सीएसके ने लगाई हार की हैट्रिक
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने पहले मुकाबले में रुतुराज गायकवाड़ की टीम को 8 विकेट से शर्मनाक हार के साथ सीजन की शुरुआत करनी पड़ी. अगले मैच में पंजाब किंग्स ने 5 विकेट से रौंद दिया. आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में गेंदबाजों ने इतने रन लुटा दिए कि रनों का पीछा करते हुए सीएसके के बल्लेबाज पहाड़ जैसे लक्ष्य तले दब गए. टॉस जीतकर मेजबानों को बल्लेबाजी का न्योता देने के बाद सीएसके की पारी 251 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 207 रन पर ढेर हो गई.

चेन्नई सुपर किंग्स का प्लेऑफ क्वालिफिकेशन समीकरण.

अब कैसे प्लेऑफ में पहुंचेगी सीएसके?
यह इस टूर्नामेंट के इतिहास में दूसरा मौका है, जब चेन्नई सुपर किंग्स ने सीजन की शुरुआत हार ही हैट्रिक के साथ की है. इससे पहले 2022 में सीएसके ने शुरुआती चार मुकाबले गंवा दिए थे. अब आते हैं सीएसके के प्लेऑफ में पहुंचने के समीकरण पर. दरअसल, प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अभी चेन्नई के सामने कोई बड़ी मुश्किल नहीं है. न ही ऐसा है कि उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा. बस उसे जीत की पटरी पर लौटकर उसी लय को बरकारार रखना होगा.

कितने मैच जीतने होंगे?
आईपीएल के लीग स्टेज में हर टीम को कुल 14 मैच खेलने होते हैं. चूंकि, चेन्नई ने अपने शुरुआती तीन मैच गंवा दिए हैं, ऐसे में उसे अभी 11 मुकाबले और खेलने हैं. टॉप-4 में सीधे जगह बनाने के लिए किसी भी टीम को कम से कम 16 अंकों की जरूरत होती है और इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए सीएसके को बचे हुए 11 मैचों में से 8 मैच हर हाल में जीतने होंगे. लगातार तीन हार से चेन्नई का नेट रन रेट (-2.517) भी सबसे खराब हो गया है. अगर टूर्नामेंट के अंत में टॉप-4 की रेस के लिए ऐसी स्थिति बनती है कि सीएसके के अंक किसी दूसरी टीम के बराबर होते हैं, तो वे रेस से बाहर हो सकते हैं. इसलिए चेन्नई को जीत के साथ-साथ रन रेट भी सुधारना होगा. सीएसके का अगला मुकाबला 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ है. टीम को इस मुकाबले में जीत के साथ टूर्नामेंट में वापसी की उम्मीद होगी.

About the Author

Shivam Upadhyay

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें



Source link