नीमच के टैगोर मार्ग पर मोबाइल रिपेयरिंग को लेकर दो दुकानदारों के बीच विवाद हो गया। ‘पाटनी मोबाइल’ के मालिक आशीष कुमार पाटनी ने ‘आई-सॉल्यूशन मोबाइल’ के संचालक वसीम खान के खिलाफ एसपी ऑफिस में लिखित शिकायत की है। आशीष का आरोप है कि वसीम उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे हैं और सोशल मीडिया पर गलत वीडियो डालकर उनकी इज्जत खराब कर रहे हैं। सैमसंग सर्विस सेंटर चलाने वाले आशीष पाटनी ने बताया कि 2 अप्रैल को वसीम खान ने एक ‘सैमसंग S-22’ मोबाइल बनने के लिए भेजा था। आशीष के मुताबिक, फोन पहले से ही खुला हुआ और बंद था। वसीम के बहुत मिन्नत करने पर उन्होंने सिर्फ उसकी बैटरी बदल दी थी। दुकान पर हंगामा और सोशल मीडिया पर धमकी आशीष का आरोप है कि अगले दिन जब वे दुकान पर नहीं थे, तब वसीम ने फोन वापस भेजा और दावा किया कि रिपेयरिंग के दौरान कैमरा खराब हो गया है। इस बात पर दुकान के कर्मचारी और वसीम के बीच बहस हो गई। आशीष का कहना है कि वसीम ने दुकान पर आकर ग्राहकों के सामने बदतमीजी की और धमकी दी कि वे उनका धंधा चौपट कर देंगे और उन्हें जेल भिजवा देंगे। इंस्टाग्राम वीडियो पर आपत्ति शिकायत में कहा गया है कि वसीम खान ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी ‘i_solution_mobile’ पर एक वीडियो डाला है, जिसमें उनके खिलाफ झूठ फैलाया जा रहा है। आशीष ने पुलिस से अपनी सुरक्षा की मांग की है और आरोपी पर कार्रवाई करने को कहा है। दूसरे पक्ष का क्या कहना है? दूसरी तरफ, ‘आई-सॉल्यूशन’ के मालिक वसीम खान ने इन सभी आरोपों को गलत बताया है। वसीम का कहना है कि उनका मोबाइल आशीष पाटनी की लापरवाही से खराब हुआ है और वे बस अपना फोन सही करवाना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे खुद एसपी ऑफिस जाकर अपनी बात रखेंगे और अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे।
Source link