सीधी में बेमौसम बारिश का कहर, गेहूं-चना और आम की फसल बर्बाद, सर्वे करने पहुंचे कलेक्टर

सीधी में बेमौसम बारिश का कहर, गेहूं-चना और आम की फसल बर्बाद, सर्वे करने पहुंचे कलेक्टर


Last Updated:

Ground report. सीधी जिले के चुरहट और गोपद बनास क्षेत्र में बेमौसम बारिश और बदलते मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से हुई तेज बारिश और हवाओं के कारण गेहूं, चना और आम की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. कई जगह कटी हुई फसल भीगने से उसकी गुणवत्ता खराब हो गई है…

Sidhi News: मध्य प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. खासतौर पर विंध्य क्षेत्र में तेज बारिश और ओलावृष्टि ने हालात बिगाड़ दिए हैं. सीधी जिले में रविवार रात से शुरू हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया. चुरहट और गोपद बनास इलाके में आसमान से भारी मात्रा में ओले गिरने से खेत और सड़कें सफेद चादर से ढक गए, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

रात से सुबह तक लागातर बारिश
जानकारी के अनुसार, चुरहट थाना क्षेत्र के ग्राम पटपरा सहित आसपास के गांवों में रविवार रात और सोमवार सुबह तेज ओलावृष्टि हुई. इस घटना का वीडियो ग्रामीणों ने अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे कुछ ही समय में खेत और रास्ते पूरी तरह बर्फ जैसे ओलों से पट गए. गोपद बनास क्षेत्र के कोचिटा गांव निवासी सुनील सोंधिया ने बताया कि रविवार रात करीब 9:30 बजे बारिश शुरू हुई, जो सोमवार सुबह लगभग 8 बजे तक जारी रही. इस दौरान बड़े-बड़े ओले गिरे, जिससे गेहूं, चना, आम चौपट हो गए. खेतों में खड़ी फसलें गिर गईं और कई जगह दाने टूटकर जमीन पर बिखर गए.

किसानों पर टूटा पहाड़
चुरहट क्षेत्र के किसान रामजी तिवारी ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि उन्होंने इस साल अच्छी फसल की उम्मीद में मेहनत की थी, लेकिन अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा ने सब कुछ बर्बाद कर दिया. उनके मुताबिक, ओलावृष्टि इतनी तेज थी कि फसल को संभलने का मौका ही नहीं मिला और पूरा खेत बर्बादी में बदल गया. क्षेत्र के अन्य किसानों की स्थिति भी कुछ अलग नहीं है. हर ओर नुकसान का मंजर दिखाई दे रहा है, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. किसानों ने शासन-प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके और वे इस नुकसान से उबर सकें.

निरीक्षण करते सीधी कलेक्टर.

कलेक्टर ने किया निरीक्षण, पारदर्शी सर्वे के निर्देश
कलेक्टर विकास मिश्रा ने तहसील चुरहट अंतर्गत ग्राम समदा एवं पटपरा का दौरा कर ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों की फसलों का स्थल पर निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने खेतों में पहुंचकर फसल क्षति की स्थिति का जायजा लिया तथा प्रभावित किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं. कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल नुकसान का सर्वे पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए, ताकि वास्तविक पात्र किसानों को ही राहत का लाभ मिल सके. उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी प्रक्रियाएं निर्धारित मापदंडों के अनुसार समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link