अभिषेक दुबे। इंदौर24 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
हम किसी को हाथ जोड़कर मना कर रहे हैं कि हमें किराए पर जमीन नहीं देना है, लेकिन इसके बाद भी सामने वाला हमारी जमीन पर कब्जा कर रहा है। यह मेरे लिए सरप्राइजिंग था।

यह कहना है अभिनेत्री रेमन कक्कर का। 3 अप्रैल की रात इंदौर में उन्होंने अपनी 300 करोड़ रुपए की जमीन पर कब्जे के आरोप में शराब कारोबारी और क्रिकेट टीम के मालिक सूरज रजक के खिलाफ FIR कराई है।
अब रेमन ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि मुंबई में हमें ऐसा कुछ देखने को आज तक नहीं मिला, जैसा हमने इंदौर में देखा।
इधर, आरोपों पर कारोबारी सूरज रजक से संपर्क करने का प्रयास किया। लेकिन, उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
बता दें, रेमन कक्कर ये तेरी गलियां, अपना टाइम आएगा और रब से है दुआ जैसे सीरियलों में काम कर चुकी हैं। साथ ही, वह एक्टर शाहरुख खान और श्रीदेवी के साथ स्क्रीन शेयर कर चुकी हैं।

देवास नाके पर करीब 6.84 एकड़ जमीन
रेमन कक्कर ने बताया कि हमारी देवास नाके पर करीब 6.84 एकड़ जमीन है, जिसमें से लगभग सवा एकड़ जमीन हमने इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) को इंदौर के विकास के लिए दी हुई है।
सूरज का फोन मेरे हसबैंड और भाई के पास आया था कि वह हमारी जमीन में से करीब 6 हजार स्क्वेयर फीट किराए पर शराब की दुकान खोलने के लिए लेना चाहता है, लेकिन मेरे भाई और हसबैंड ने जमीन किराए पर देने से मना कर दिया।
इसके बाद वह मेरी मम्मी से मिलने घर आ गया और कहा कि जमीन किराए पर दे दें, लेकिन मेरी मम्मी ने भी मना कर दिया कि हमें जमीन किराए पर नहीं देना है। यह पूरी जमीन मेरी मम्मी, मेरे दोनों भाई और मेरे नाम पर है।

रजक एमपी लीग में इस साल पहली बार खेलने वाली मालवा स्टैलियंस टीम के मालिक भी हैं।
मेरे पिता ने 1964 में खरीदी थी जमीन
रेमन कक्कर ने बताया कि 3 अप्रैल को मैं मुंबई से इंदौर आई थी। तभी दोपहर में मुझे पता चला कि कोई हमारी जमीन पर कब्जा कर रहा है। मैं तत्काल अपनी जमीन पर पहुंची। वहां जाकर देखा कि खंभे गड़े हुए हैं और एक शेड बनाया जा रहा है। इस दौरान पुलिस ने हमारी काफी मदद की।
जब मैं लसूड़िया थाने पहुंची, तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने कहा कि अभी टीआई मौजूद नहीं हैं, इसलिए आप कुछ देर बाद आना, तब आपकी एफआईआर लिखी जाएगी।
फिर टीआई आए और उन्होंने देर रात मेरी FIR दर्ज की। हमें रविवार को पता चला कि सूरज रजक ने भी थाने में आवेदन दिया है, जो पूरी तरह से गलत है। यह जमीन मेरे पिता ने 1964 में खरीदी थी, जिसका कुछ हिस्सा हमने इंदौर के विकास के लिए 2010 में इंदौर विकास प्राधिकरण को दिया है।

आईडीए को संज्ञान लेकर FIR करानी चाहिए
रेमन कक्कर ने आगे बताया कि मेरे परिवार ने आईडीए को डेवलपमेंट के लिए फ्री में जमीन दी थी, जिसका बाजार मूल्य 70 करोड़ रुपए से ज्यादा है। इसके लिए हमें कोई मुआवजा नहीं मिला है। उस जमीन पर कोई शराब की दुकान कैसे खोल सकता है? उस पर सिर्फ और सिर्फ सड़क का ही निर्माण होना चाहिए।
अगर वहां कोई काम करता भी, तो उसे आईडीए से अलॉटमेंट लेटर मिलता कि आप यहां पर काम कर सकते हैं। लेकिन जो जमीन हमसे सड़क के नाम पर ली गई है, उस पर कमर्शियल एक्टिविटी कैसे हो सकती है? हमारी मांग है कि आईडीए को भी इस मामले में संज्ञान लेकर एफआईआर करानी चाहिए कि उसकी जमीन पर कब्जा हो रहा है।

मुख्य रोड पर जमीन, दुकान खोलने की कोशिश
यह जमीन मुख्य सड़क पर स्थित है। इसकी कीमत करीब 300 करोड़ रुपए है। रजक ने हाल ही में करीब 150 करोड़ रुपए में शराब ठेका लिया है।
मौजूदा दुकान पीछे की ओर है, जबकि इस जमीन पर दुकान खोलने से बिक्री बढ़ सकती है। हालांकि बताया जा रहा है कि नियमों के मुताबिक इस लोकेशन पर शराब दुकान खोलना संभव नहीं है।
साल 2025 में भी कनाड़िया क्षेत्र में सूरज रजक और उनके सुरक्षाकर्मियों पर एक किसान से मारपीट और हवाई फायरिंग के आरोप लगे थे। मामले में भी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
यह खबर भी पढ़ें…
MP में क्रिकेट टीम के मालिक पर FIR

मप्र किक्रेट लीग की टीम के मालिक पर अभिनेत्री ने केस दर्ज कराया है।
इंदौर में 300 करोड़ रुपए की जमीन पर कब्जे के आरोप में शराब कारोबारी सूरज रजक के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। रजक मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की एमपी लीग में इस साल पहली बार खेलने वाली मालवा स्टैलियंस टीम के मालिक भी हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…
