इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में चौकीदार पर हमले का मामला सामने आया है। घटना के बाद सोमवार को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक 70 वर्षीय मुन्नालाल वंशकार एक मकान के बाहर चौकीदारी कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला ने उनसे अपने पति को फोन लगाने के लिए कहा और बताया कि सफाई के दौरान एक महिला पहली मंजिल से गिर गई है। चौकीदार ने अपनी डायरी से नंबर निकालकर महिला के पति गोपाल मंसोरे को फोन किया। सरिए से किया हमला, धमकी भी दी
कुछ देर बाद गोपाल मंसोरे मौके पर पहुंचा। उसकी पत्नी ने चौकीदार पर फोन करने में देरी का आरोप लगाया, जिससे नाराज होकर गोपाल ने सरिए से हमला कर दिया। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। हमले में चौकीदार के सिर, हाथ और कमर में चोट आई है। निर्माणाधीन मकान में गिरी थी महिला
जानकारी के अनुसार लाडकी नाम की महिला एक अन्य महिला के साथ निर्माणाधीन मकान में सफाई का काम कर रही थी। इसी दौरान वह पहली मंजिल से गिर गई थी। उसके साथ काम कर रही महिला ने चौकीदार से संपर्क कर उसके परिवार को सूचना देने की कोशिश की थी। बिल्डर पर पहले दर्ज हो चुका है केस
लाडकी की मौत के मामले में पुलिस पहले ही लापरवाही के आरोप में बिल्डर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर चुकी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Source link