Last Updated:
उज्जैन जिले के माकड़ौन क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या ने इलाके में तनाव फैला दिया है. 25 साल के लखन सोलंकी की देर रात मेघदूत ढाबे पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते खेड़ा गांव के युवकों ने उसे घेरकर हमला किया.
युवक की चाकू मारकर हत्या (फाइल फोटो)
उज्जैन. जिले के माकड़ौन क्षेत्र में बीती रात आपसी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया, जहां एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया. मृतक की पहचान 25 वर्षीय लखन सोलंकी के रूप में हुई है, जो अपने भाई के साथ देर रात मेघदूत ढाबे पर खाना खाने पहुंचा था.
इसी दौरान खेड़ा गांव के कुछ युवक वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और आरोपियों ने लखन को घेरकर उस पर चाकुओं से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल लखन की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी क्षेत्र में अपना दबदबा बनाने के लिए 007 गैंग के नाम से सक्रिय थे. बताया जा रहा है कि दो साल पहले भी मृतक और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था, जिसकी रंजिश इस हत्याकांड की वजह बनी.
परिजनों ने शव सड़क पर रखकर किया विरोध
घटना के बाद माकड़ौन में हालात तनावपूर्ण हो गए. आक्रोशित परिजनों और समाज के लोगों ने विरोध में बाजार बंद करवा दिया और सड़क पर चक्काजाम कर दिया. महिलाओं और पुरुषों ने बड़ी संख्या में प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा. उज्जैन से पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव माकड़ौन पहुंचा, परिजनों ने सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया.
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन शांत हुआ. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच जारी है.
About the Author
Dallu Slathia is a seasoned digital journalist with over 7 years of experience, currently leading editorial efforts across Madhya Pradesh and Chhattisgarh. She specializes in crafting compelling stories across …और पढ़ें