सागर की सुरखी थाना पुलिस ने युवक-युवती से लूट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूट का सामान जब्त किया गया है। आरोपियों ने गौरीदांत में अकेला पाकर युवक-युवती से लूटपाट की थी। मामले में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, जंगल के बीच बने प्रसिद्ध क्षेत्र गौरीदांत में 4 अप्रैल को फरियादी अनुज नामदेव निवासी सागर अपनी एक रिश्तेदार युवती के साथ दर्शन करने गया था। वे गौरीदांत पहुंचे। तभी उन्हें दो युवक मिले। दोनों ने युवक-युवती को सुनसान क्षेत्र में अकेला पाकर पकड़ लिया। चाकू अड़ाकर मोबाइल, चार हजार रुपए नकद लूट लिए। वारदात कर दोनों आरोपी फरार हो गए। मामले में फरियादी अनुज ने सुरखी थाने पहुंचकर शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया। आरोपियों की तलाश शुरू की। मोबाइल की लोकेशन साइबर सेल से ट्रेस कराई गई। पूछताछ में मोबाइल और नकद रुपए जब्त किए लोकेशन के आधार पर सोमवार को पुलिस ने दबिश दी और आरोपी चंदन चढार निवासी टंकी मोहल्ला सुरखी और छोटू रैकवार निवासी काकागंज सागर को पकड़ लिया। थाने लाकर दोनों आरोपियों से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर लूट में गए मोबाइल और नकद रुपए जब्त किए गए। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। कार्रवाई टीम में सुरखी थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस दीपांशु, एएसआई विमल परस्ते, प्रधान आरक्षक नीलम कुमार, नरेंद्र जादौन, नौबत कुमार, आरक्षक उमाशंकर, प्रेमचंद, ब्रजेन्द्र, रवि मिश्रा समेत अन्य शामिल थे।
Source link