कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी मंगलवार को केंद्रीय कृषि मंत्री के गृह जिले विदिशा पहुंचे। उन्होंने विदिशा कृषि मंडी में किसानों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान पटवारी ने केंद्र और राज्य सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया। मंडी में पटवारी के अचानक पहुंचने से हलचल मच गई। उन्होंने किसानों से सीधी बातचीत की, उनके साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया और मंडी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पटवारी ने कहा कि वे किसानों की आवाज उठाने आए हैं। पटवारी ने ट्रैक्टर पर चढ़कर किसानों से गेहूं के भाव की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि उन्हें फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और ज्यादातर गेहूं 2200 रुपए प्रति क्विंटल से नीचे बिक रहा है। इस पर पटवारी ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों के साथ न्याय नहीं हो रहा है। शिवराज सिंह चौहान और सीएम मोहन यादव को घेरा
जीतू पटवारी ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव पर निशाना साधा। पटवारी ने आरोप लगाया कि सरकारी योजनाएं केवल कागजों तक सीमित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि समर्थन मूल्य पर खरीदी की तारीखें लगातार बढ़ाई जा रही हैं, जो किसानों के साथ धोखा है। पटवारी ने बताया कि मंडी में 2000 से अधिक किसान अपनी उपज लेकर आए हैं, लेकिन उन्हें उचित दाम नहीं मिल रहा है। उन्होंने 10 तारीख से समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी शुरू करने की मांग की। आंदोलन की दी चेतावनी
विदिशा में जीतू पटवारी ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे आंदोलन करेंगे। पटवारी ने शिवराज सिंह चौहान के निवास पर एक दिन का उपवास करने और फिर भोपाल से उज्जैन तक ट्रैक्टर से जाकर मुख्यमंत्री मोहन यादव के घर तक पहुंचने की बात कही। केंद्रीय कृषि मंत्री के गृह जिले में किसानों से जुड़ा यह मुद्दा अब एक बड़ी राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। आने वाले दिनों में इस पर राजनीतिक घमासान और बढ़ने की संभावना है।
Source link