सरजी पास कर दो नहीं तो शादी टूट जाएगी…! कॉपियों में लिखी अर्जियां पढ़कर शिक्षक लोटपोट

सरजी पास कर दो नहीं तो शादी टूट जाएगी…! कॉपियों में लिखी अर्जियां पढ़कर शिक्षक लोटपोट


Last Updated:

MP Board Exam News: बालाघाट में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के दौरान शिक्षकों के सामने कई ऐसी कॉपियां आईं, जिनमें पास होने के लिए बच्चों ने तरह-तरह की गुहार और उत्तर न लिख पाने के अजब-गजब कारण बताएं हैं. जिसे पढ़कर शिक्षक लोटपोट हो गए. जानें फिर क्या हुआ…

Balaghat News: MP बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट आने की संभावना जल्द ही है. तमाम जिलों में मूल्यांकन कार्य पूरे हो चुके हैं. बालाघाट के उत्कृष्ट विद्यालय में भी चल रहा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो चुका है. यह काम 22 फरवरी को शुरू हुआ था, जो करीब 43 दिनों के बाद पूरा हुआ. लेकिन, इस दौरान शिक्षकों ने अनुभव साझा किए, जिसे सुन आप माथा पकड़ लेंगे और हंस पड़ेंगे. दरअसल, शिक्षकों ने बताया कि कुछ बच्चों की उत्तर पुस्तिकाओं में ऐसी बातें लिखी थी, जिससे पढ़ने के बाद वे भी हंस पड़े.

बच्चे लिख रहे अपनी मजबूरी
उच्च माध्यमिक शिक्षिका डॉ. पूनम मिश्रा ने लोकल 18 को बताया कि बीते 43 दिन से बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियां चेक की जा रही हैं. इन दिनों में कई बार ऐसे मामले सामने आए, जहां पर बच्चों ने पास होने के लिए कई तरह की मजबूरियां कॉपी में लिख रखी थीं. किसी ने लिखा, ‘मेरे पिता की मौत हो गई है, ऐसे में सारी जिम्मेदारियां मुझपर हैं. कृपया मुझे पास कर दीजिए’. कुछ लड़कियों ने लिखा, ‘अगर मैं फेल हुई तो मेरी शादी टूट जाएगी. प्लीज पास कर दीजिए’. किसी ने बीमारी की बात लिखी. कई बार बच्चे यहां तक कसम दे देते हैं कि सर जी/मैडम जी अगर आपने मुझे पास नहीं किया तो मैं जान दे दूंगा.

भावनाओं में कॉपियां नहीं जांचते
डॉ. पूनम मिश्रा ने कहा, बच्चे कितनी भी भावुक अपील कर लें. लेकिन कॉपियों में  जो तथ्य होते हैं, उसी आधार पर ही अंक दिए जाते हैं. ऐसे में बच्चों का ऐसा करना व्यर्थ है. शिक्षक ऐसी भावनाओं से प्रभावित नहीं होते हैं. न ही अतिरिक्त अंक देते हैं. ऐसे में बच्चों को पढ़ाई में ही ध्यान देना चाहिए.

कॉपियों की जांच पूरी
बालाघाट में बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन में कुल 677 शिक्षकों ने हिस्सा लिया. लगातार 43 दिन तक काम किया और 1 लाख 92 हजार 448 उत्तरपुस्तिकाओं की जांच की. कक्षा 10वीं के 11 विषयों की 1,13,400 कॉपियों की जांच 366 शिक्षकों ने चार चरणों में की. वहीं, कक्षा 12वीं के 26 विषयों की 77,048 कॉपियों का मूल्यांकन 311 शिक्षकों द्वारा किया गया. इसमें कक्षा 10वीं के 11 विषयों की 1,13,400 कॉपियों की जांच 366 शिक्षकों ने चार चरणों में कीं. वहीं, कक्षा 12वीं के 26 विषयों की 77,048 कॉपियां जांची गईं. इसमें 10 कंप्यूटर ऑपरेटरों की मदद से विषयवार अंक ऑनलाइन बोर्ड की वेबसाइट पर भी अपलोड किए गए.

एक कॉपी जांचने के कितने रुपये?
कक्षा 10वीं की एक कॉपी के लिए 15 रुपए और 12वीं की एक कॉपी के लिए 16 रुपये दिए गए हैं. इसके अलावा स्थानीय शिक्षकों को प्रतिदिन 130 रुपए वाहन भत्ता और बाहर से आए शिक्षकों को 180 रुपए दैनिक भत्ता दिया गया. अब उम्मीद है कि बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट जल्द ही आएगा.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link