उज्जैन : हिंदू परंपरा में प्रदोष व्रत को अत्यंत शुभ और प्रभावशाली माना जाता है. यह व्रत भगवान शिव और माता पार्वती को समर्पित होता है, जिसमें भक्त पूरे श्रद्धा भाव से उनकी पूजा करते हैं. मान्यता है कि इस दिन सच्चे मन से की गई आराधना से भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है, जिससे जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आगमन होता है. यह व्रत हर महीने दो बार, त्रयोदशी तिथि को रखा जाता है. भक्त दिनभर उपवास रखते हैं और शाम के समय विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं.
उज्जैन के प्रसिद्ध ज्योतिष आचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, इस बार जो वैशाख माह का पहला प्रदोष आ रहा है वह काफ़ी शुभ सयोंग मे आ रहा है. जो इस दिन को और खास बनाता है. इस दिन कुछ विशेष वस्तु से शिवलिंग का अभिषेक करना विशेष पुण्यफल की प्राप्ति करवाता है.
कब रखा जाएगा अप्रैल का पहला प्रदोष व्रत?
वैदिक पंचांग के अनुसार, वैशाख माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि की शुरुआत 15 अप्रैल को रात 12 बजकर 12 मिनट पर शुरू होगी. वहीं, इस तिथि का समापन 15 अप्रैल को रात 10 बजकर 31 मिनट पर होगा. ऐसे में 15 अप्रैल को प्रदोष व्रत किया जाएगा.
बुध प्रदोष व्रत का महत्व
प्रदोष व्रत को भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने का अत्यंत शुभ उपाय माना जाता है. जब यह व्रत बुधवार को आता है, तब इसका महत्व और भी बढ़ जाता है. श्रद्धा और सच्चे मन से की गई पूजा से भोलेनाथ भक्तों की इच्छाएं पूरी करते हैं. इस व्रत के प्रभाव से जीवन के दुख, बाधाएं और नकारात्मकता दूर होती हैं. साथ ही सुख, शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है, और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.
वैशाख माह के पहले प्रदोष पर जरूर करे यह उपाय
– वैशाख महीने के पहले प्रदोष व्रत पर शिवलिंग की विशेष पूजा का महत्व माना जाता है. इस दिन तिल अर्पित करना या तिल मिले जल से अभिषेक करना शुभ माना जाता है. ऐसी मान्यता है कि इससे जीवन के पाप कम होते हैं और घर में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है.
– अप्रैल माह के पहले प्रदोष व्रत पर शिवलिंग की पूजा विशेष फल देती है. इस दिन गेहूं और धतूरा अर्पित करना शुभ माना जाता है. पूजा करते समय भगवान शिव से सुख, शांति और संतान सुख की प्रार्थना करें. श्रद्धा और विश्वास के साथ किया गया यह उपाय जीवन में सकारात्मक परिणाम लाता है और महादेव की कृपा बनाए रखता है.
– यदि आप लंबे समय से आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं, तो वैशाख प्रदोष व्रत के दिन शिवलिंग पर कच्चे चावल अर्पित करना लाभकारी माना जाता है. श्रद्धा से किया गया यह उपाय धन प्राप्ति के मार्ग खोलता है. मान्यता है कि इससे घर में समृद्धि बढ़ती है और आर्थिक तंगी धीरे-धीरे दूर होने लगती है.