बालाघाट से सटे सिवनी जिले के उगली थाना क्षेत्र के रैचना गांव में खेत में पानी की मोटर चालू करते समय करंट लगने से एक महिला मंजूलता गौतम (33) की मौत हो गई। उन्होंने बालाघाट के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार को दम तोड़ दिया। मंगलवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। खेत में लगी मोटर चालू करते समय हादसा जानकारी के अनुसार, मंजूलता सुबह महुआ बीनने गई थीं। इसी दौरान धान की फसल को पानी देने के लिए खेत में लगी मोटर चालू करते समय उन्हें करंट लगा और वह गिर गईं। उनके साथ मौजूद बेटे ने शोर मचाया, जिसके बाद खेत के पास काम कर रहे अन्य लोगों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें तत्काल समीपस्थ लालबर्रा अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बालाघाट के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मंजूलता ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन महिला के शव को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। पति की दो साल पहले हुई थी मौत अस्पताल चौकी पुलिस ने शव बरामद कर पंचनामा कार्यवाही की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया गया है कि मंजूलता के पति प्रमोद गौतम की दो साल पहले मौत हो गई थी और उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी और एक बेटा शामिल हैं। मंजूलता के देवर देवेंद्र गौतम ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 9 बजे यह घटना हुई थी। पड़ोसी से जानकारी मिलने के बाद वे उन्हें अस्पताल लाए थे। अस्पताल चौकी प्रभारी ईश्वरदयाल पटले ने पुष्टि की कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की मर्ग डायरी संबंधित थाने भेजी जाएगी, जहां से आगे की जांच की जाएगी।
Source link