दमोह के नूरी नगर (बजरिया सात) में एक महिला ने अपने ही पति पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप लगाया है। बुरी तरह झुलसी महिला को मंगलवार रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। 32 साल की तमन्ना कुरैशी ने बताया कि उसकी शादी 9 साल पहले पिपरिया (होशंगाबाद) के रहने वाले अनवर खान से हुई थी। शादी के बाद से वे दमोह में ही रह रहे थे। तमन्ना का कहना है कि उसका पति कोई काम-धंधा नहीं करता और उसे शराब, गांजा और ड्रग्स जैसे महंगे नशे की लत है। इसी वजह से उस पर काफी कर्ज भी हो गया है। जब भी तमन्ना उसे नशा करने से रोकती, तो वह उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। बाइक से पेट्रोल निकाला और लगा दी आग मंगलवार शाम को नशे में धुत होकर अनवर घर पहुंचा और पहले जमकर तोड़फोड़ की। इसके बाद उसने अपनी बाइक की टंकी से पेट्रोल निकाला और तमन्ना के ऊपर डालकर आग लगा दी। वारदात को अंजाम देकर वह मौके से भाग निकला। महिला की चीख सुनकर उसकी मौसी दौड़कर आईं और किसी तरह आग बुझाई, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। पहले भी की थी पुलिस में शिकायत तमन्ना ने बताया कि पति की शिकायत उसने पहले भी दो बार पुलिस थाने में की थी, लेकिन तब कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पीड़िता का कहना है कि वह अपने दो छोटे बच्चों के लिए पति से पूरी तरह अलग होना चाहती है और उसे तलाक चाहिए। पुलिस की कार्रवाई दमोह के जिला अस्पताल में डॉक्टर घायल महिला का इलाज कर रहे हैं। कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी पति की तलाश की जा रही है।
Source link