शाजापुर के टंकी चौराहा स्थित सिंचाई विभाग कार्यालय के सामने सोमवार शाम करीब 6 बजे एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी चालक अपना क्षतिग्रस्त वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। बाजार से लौटते समय हादसा घायलों की पहचान सीमा चौहान (48), अंकित चौहान (25) और निकिता चौहान (20) के रूप में हुई है। पीड़ित अंकित चौहान ने बताया कि वह अपनी मां और बहन के साथ बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रहे अनियंत्रित चार पहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। राहगीरों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की गति काफी तेज थी और टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल शाजापुर पहुंचाया, जहां फिलहाल उनका उपचार जारी है। कोतवाली पुलिस ने शुरू की जांच सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक की पहचान के लिए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
Source link