हरदा जिले के सिराली थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब 4 बजे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए। यह हादसा खुदिया और जिनवानिया गांवों के बीच हुआ। घायलों को तत्काल सिराली के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। घायलों में से तीन मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। डायल 108 की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराली पहुंचाया गया, जहां डॉ. आर.के. चौधरी और डॉ. रूपेंद्र गुर्जर ने उनका इलाज किया। बताया गया है कि घायल हुए अधिकांश मजदूर नाबालिग लड़कियां हैं, जो नीमढाना और पदाल्दा गांवों की निवासी हैं। स्टेयरिंग फेल होने से हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा ट्रैक्टर का स्टेयरिंग फेल होने या संतुलन बिगड़ने के कारण हुआ। मजदूर खुदिया गांव से काम करके जिनवानिया की ओर जा रहे थे, तभी खुदिया के पास ट्रॉली पलट गई। बताया गया है कि पदाल्दा गांव से करीब साठ से अधिक मजदूर एक पिकअप वाहन में भरकर आए थे। वहां से वे दो ट्रैक्टरों में बैठकर मजदूरी करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
Source link