अनूपपुर जिले में बुधवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। जिला मुख्यालय अनूपपुर सहित फुनगा, राजेंद्रग्राम, अमरकंटक और जैतहरी के आसमान में काले बादल छा गए। इस बदलाव से जहां शहरी लोगों को हल्की ठंडक महसूस हुई, वहीं किसानों में फसलों को लेकर चिंता बढ़ गई है। सुबह हवाओं के साथ हुई बूंदाबांदी सुबह करीब 10:30 बजे हल्की हवाओं के साथ कुछ मिनटों तक बूंदाबांदी हुई। यह सिलसिला 5 से 7 मिनट तक चला, जिसके बाद अचानक धूप खिल गई और वातावरण सुहावना हो गया। हालांकि, मौसम ने फिर करवट ली और लगभग 11 बजे 5 मिनट तक तेज रिमझिम बारिश हुई। इसके बाद से सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल जारी है। किसानों को नुकसान की आशंका मौसम के इस बदलाव से किसानों को नुकसान की आशंका है। जिले में गेहूं की कटाई और तैयारी अन्य जिलों की तुलना में देर से होती है, और वर्तमान में यह प्रक्रिया जारी है। ऐसे में बारिश से गेहूं की फसल को क्षति पहुंचने का डर है। शाम को भी बारिश होने की संभावना कृषि उपसंचालक अनूपपुर कैलाश मगर ने बताया कि मौसम में बदलाव हुआ है और हल्की हवाएं चल रही हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि होती है, तो आम, महुआ और टमाटर जैसी सब्जियों की फसल को नुकसान हो सकता है। आम में फल लग चुके हैं, जिनके झड़ने की संभावना अधिक होगी। फिलहाल, मौसम में आए इस बदलाव से शहरी क्षेत्रों में लोगों को ठंडक और सुहावना मौसम मिला है, लेकिन किसान अपनी फसलों को लेकर चिंतित हैं। शाम को भी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
Source link