श्योपुर जिले के बगडुआ गांव में बुधवार को 11 केवी बिजली लाइन से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। इस अग्निकांड में राम प्रकाश मीणा और रामबाबू मीणा की करीब पांच बीघा फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है।
.
बिजली लाइन से निकली चिंगारी
दोपहर के समय खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तारों से अचानक चिंगारी गिरी। सूखी फसल होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, जिससे आग को और अधिक फैलने से रोका जा सका।
फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक हुआ भारी नुकसान
सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, जब तक दमकल दल पहुंचता, तब तक अधिकांश गेहूं जल चुका था। ग्रामीणों ने बिजली कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जर्जर तारों की समय पर मरम्मत न होने से यह हादसा हुआ।
किसानों पर दोहरी मार, मुआवजे की मांग
क्षेत्र के किसान हाल ही में हुई ओलावृष्टि से पहले ही आर्थिक नुकसान झेल रहे थे। अब आगजनी की इस घटना ने संकट को और गहरा कर दिया है। पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन से हुए नुकसान का सर्वे कराकर तत्काल उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।