Last Updated:
Bhopal News: राजधानी भोपाल में राजभवन के सामने सड़क धंसने से हड़कंप मच गया. दोपहर में पानी की पाइपलाइन फूट गई, जिससे हजारों गैलन पानी सड़कों पर बह गया. पाइपलाइन में दरार आने के चलते सड़क का निचला हिस्सा कमजोर हो गया था.
निगम और प्रशासन सड़क मरम्मत के काम में जुटा है.
रिपोर्ट- वासु चौरे, भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सड़क फिर धंस गई. दरअसल मंगलवार शाम को राजभवन के सामने सड़क धंसने की घटना सामने आई थी. सड़क धंसने की वजह से पाइपलाइन फूट गई थी, जिसके चलते ट्रैफिक डायवर्ट किया गया. लोकभवन से सीएम हाउस की तरफ जाने वाली वीवीआईपी इलाके की सड़क धंसी है. नगर निगम और प्रशासन सड़क मरम्मत के काम में जुट गया है.
बताते चलें कि मंगलवार को राजधानी भोपाल में राजभवन के सामने सड़क धंसने से हड़कंप मच गया था. दोपहर में पानी की पाइपलाइन फूट गई थी, जिससे हजारों गैलन पानी सड़कों पर बह गया था. पाइपलाइन में दरार आने से सड़क का निचला हिस्सा कमजोर हो गया था. पानी का तेज फव्वारा सड़क पर फटने से कुछ देर बाद सड़क धंस गई. सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग और नगर निगम के अधिकारी फौरन मौके पर पहुंचे और पानी की लीकेज ठीक कराई.
वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
इसके कुछ देर बाद लोकभवन के सामने की सड़क धंस गई. कोई हादसा न हो, इसलिए वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया. जहां सड़क धंसी, वहां बैरिकेडिंग कर दी गई है. पुलिस भी तैनात की गई है. घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है. इस तरह की घटनाएं शहर की बुनियादी ढांचे पर सवाल खड़े करती हैं. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि राजधानी में पुरानी पाइपलाइनों और सड़कों की समय-समय पर जांच कराई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
कांग्रेस ने उठाए सवाल
वहीं इस घटना को लेकर कांग्रेस ने भी प्रदेश में सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं. कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने कहा कि कई गैलन पानी यहां बह चुका है. सड़क धंस चुकी है. राजभवन के सामने कितनी भयावह स्थिति बन गई है लेकिन प्रशासन का कोई भी नुमाइंदा मौके पर नहीं पहुंचा. कोई भी बड़ा हादसा यहां हो सकता है लेकिन सरकार बेपरवाह है, सरकार लापरवाह है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.