मैहर जिले के रामनगर स्थित एक शासकीय स्कूल में शिक्षक द्वारा बच्चों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बुधवार को सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में शिक्षक बच्चों के सिर आपस में टकराते और उन्हें थप्पड़ मारते दिख रहे हैं। इस घटना के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। एक साल पुराना है मामला यह मामला शासकीय प्राथमिक शाला देवदहा बरगाही टोला में करीब एक साल पुराना का है। वीडियो में स्कूल में पदस्थ शिक्षक रवीन्द्र चतुर्वेदी दो छात्रों के सिर आपस में टकराते और उन्हें थप्पड़ मारते दिख रहे हैं। सवाल का जवाब न मिलने पर पीटा जानकारी के अनुसार, शिक्षक बच्चों से हिंदी के व्यंजन वर्णमाला पूछ रहे थे। छात्र जब वर्णमाला का सही क्रम नहीं बता पाए, तो शिक्षक ने आक्रोशित होकर उनके साथ यह हिंसक व्यवहार किया। दोषी शिक्षक पर होगी कार्रवाई घटना का वीडियो सामने आने के बाद बुधवार को अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है। इस संबंध में बीआरसी सीपी शुक्ला ने बताया कि मामले की जानकारी संज्ञान में ली गई है। घटना की विस्तृत जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीपीसी विष्णु त्रिपाठी ने बताया- वायरल वीडियो के संज्ञान में आने पर बीआरसी को मौके पर भेज दिया है। वीडियो एक साल पुराना है, जांच प्रतिवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link