सूदखोरों की धमकी-शादी नहीं होने देंगे: SP के पास पहुंचा परिवार, 12 अप्रैल को होना है निकाह – Neemuch News

सूदखोरों की धमकी-शादी नहीं होने देंगे:  SP के पास पहुंचा परिवार, 12 अप्रैल को होना है निकाह – Neemuch News




नीमच के बघाना थाना क्षेत्र में एक परिवार सूदखोरों की प्रताड़ना से दहशत में है। सादड़ी रोड नाका नंबर 4 निवासी फिरोज खान ने बुधवार शाम पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित का आरोप है कि कर्ज चुकाने के बावजूद कुछ लोग उससे अवैध वसूली कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। फिरोज खान ने बताया कि उसने सलीम पठान, बाबूखां, शाबाज, सलाम और शेरबाज सहित अन्य लोगों से लिया गया कर्ज ब्याज सहित चुका दिया है। इसके बावजूद आरोपी अतिरिक्त पैसों की मांग कर रहे हैं। मना करने पर वे गाली-गलौज और मारपीट पर उतर आते हैं। घर पर किया हमला पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसके घर पर हमला कर पत्थरबाजी की और घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस घटना में एक मासूम बच्चा और परिवार के अन्य सदस्य घायल हुए हैं। हमले का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी लाठी-डंडे और पत्थर लेकर हमला करते दिख रहे हैं। फिरोज खान का आरोप है कि जब वह शिकायत लेकर बघाना थाने पहुंचा, तो पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और केवल सामान्य रिपोर्ट दर्ज की। इससे आरोपियों के हौसले बढ़ गए। उन्होंने उसी शाम दोबारा घर पहुंचकर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी। 12 अप्रैल को है शादी सबसे चिंताजनक बात यह है कि 12 अप्रैल को फिरोज के परिवार में शादी का कार्यक्रम तय है। दबंगों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें मनमाफिक पैसे नहीं मिले, तो वे शादी नहीं होने देंगे। लगातार मिल रही धमकियों के कारण पूरा परिवार दहशत में है और घर से बाहर निकलने से भी डर रहा है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और शादी के कार्यक्रम के मद्देनजर परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।



Source link