विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में महाकाल लोक बनने के बाद से मंदिर का क्षेत्रफल बढ़ गया है, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए अधिक पैदल चलना पड़ता है। ग्रीष्म ऋतु में बढ़ती गर्मी को देखते हुए, श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने भक्तों को राहत देने के लिए व्यवस्थाएं की हैं। दर्शन मार्ग पर मैट बिछाना, ठंडे पानी और कूलर की सुविधा शामिल है। रोजाना देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु श्री महाकालेश्वर मंदिर दर्शन के लिए पहुंचते हैं। गर्मी के मौसम में बढ़ते तापमान के कारण, मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। श्रद्धालुओं को गर्म जमीन पर नंगे पैर चलने से होने वाली परेशानी से बचाने के लिए मंदिर के पूरे दर्शन पथ पर मैट बिछाई गई है। इससे भक्तों को काफी राहत मिल रही है। दर्शन मार्ग के प्रमुख स्थानों पर शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालु लू और गर्मी से बच सकें। इसके अतिरिक्त, मंदिर परिसर और कतार मार्ग में कूलर लगाए गए हैं, जिससे ठंडी और स्वच्छ हवा मिलती रहे और वातावरण आरामदायक बना रहे।गर्मी के कारण होने वाली घुटन, डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए मंदिर परिसर में चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ तैनात है, जो आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराता है।
Source link