शाजापुर में संकरी सड़कों पर आवागमन को सुगम बनाने के लिए बुधवार शाम 6 से 7 बजे एसडीएम सड़क पर ऊतरीं। नगर पालिका, राजस्व और पुलिस विभाग की टीम उनके साथ थी। इस दौरान सड़क पर हुए अतिक्रमण को हटाया गया और अतिक्रमणकारियों को सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने पहले नगर का निरीक्षण किया, जिसके बाद बस स्टैंड से कार्रवाई शुरू की गई। जिन दुकानदारों ने सड़क पर सामान जमाया हुआ था, उनका सामान सख्ती से हटाया गया। उन्हें चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो सामान जब्त कर लिया जाएगा। पूर्व में हिदायत दिए गए कुछ लोगों का सामान जब्त भी किया गया। इस कार्रवाई के दौरान एसडीएम मनीषा वास्कले, नपा सीएमओ भूपेंद्रकुमार दीक्षित और यातायात थाना प्रभारी सौरव शुक्ला सहित अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित थे। शहर में लंबे समय से सड़कों पर जाम की समस्या बनी हुई थी। कई दुकानदार अपना सामान सड़क पर रखकर उसे और संकरा कर रहे थे, जिसकी शिकायतें लगातार अधिकारियों को मिल रही थीं। इसी वजह से बुधवार को प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अतिक्रमण पर कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि यह अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जो लोग अतिक्रमण करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
Source link