देवास में पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर सयाजी द्वार पर मध्य प्रदेश पुलिस बैंड ने एक विशेष प्रस्तुति दी। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को वर्ष 2026 की मध्य प्रदेश पुलिस भर्ती में शामिल होने के लिए प्रेरित और जागरूक करना था।
.
सहायक उप निरीक्षक खुशी लाल के नेतृत्व में 20 सदस्यीय पुलिस बैंड टीम ने मनमोहक और प्रेरणादायक प्रदर्शन किया। उपस्थित नागरिकों और युवाओं ने इस प्रस्तुति की सराहना की। बैंड की देशभक्ति और उत्साहवर्धक धुनों ने युवाओं में पुलिस सेवा के प्रति आकर्षण पैदा किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस बैंड भर्ती 2026 के तहत कुल 679 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
शैक्षणिक योग्यता के अनुसार, अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम आठवीं पास होना अनिवार्य है, जबकि अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम दसवीं पास होना आवश्यक है। इच्छुक उम्मीदवार अपने आवेदन एमपी ऑनलाइन के माध्यम से जमा कर सकते हैं।
देवास पुलिस ने युवाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस भर्ती प्रक्रिया में भाग लेकर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें।