Last Updated:
Indore News: वहीं जब कांग्रेस पार्षद रुबीना इकबाल खान से कहा गया कि कांग्रेस ने उनके बयान से किनारा कर लिया है, तो यह सुनते ही वह भड़क गईं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाड़ में जाए. जब भी ऐसे मौके आते हैं, तो कांग्रेस पल्ला झाड़ लेती है.
कांग्रेस पार्षद रुबीना खान ने कहा कि इस्लाम हमें वंदे मातरम बोलने की इजाजत नहीं देता है.
रिपोर्ट- मिथिलेश गुप्ता, इंदौर. मध्य प्रदेश में इंदौर नगर निगम परिषद के बजट सम्मेलन में वंदे मातरम को लेकर जोरदार हंगामा हुआ था. बीजेपी ने कांग्रेस की दो मुस्लिम महिला पार्षदों रुबीना इकबाल खान और फौजिया शेख अलीम पर वंदे मातरम का अपमान करने का आरोप लगाया है. बजट सेशन के दौरान बहस इतनी बढ़ गई कि कांग्रेस पार्षद रुबीना इकबाल खान ने सदन में तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि तुम्हारे बाप में दम हो, तो कहलवाकर दिखा दो. इसके बाद भाजपा पार्षदों ने सदन में जोर-जोर से वंदे मातरम के नारे लगाने शुरू कर दिए थे. वहीं अब कांग्रेस पार्षद रुबीना इकबाल खान का एक और बयान सामने आया है. उन्होंने वंदे मातरम के अपमान पर कहा कि कुरान में लिखा है कि हम वंदे मातरम नहीं बोल सकते. इस्लाम हमें वंदे मातरम बोलने की इजाजत नहीं देता है. ये लोग बोल रहे हैं कि यहां रहना होगा, तो वंदे मातरम बोलना होगा, तो दादागिरी तो हम किसी के बाप की नहीं सुनते.
उन्होंने आगे कहा कि किसी के बाप की दादागिरी थोड़ी न चलेगी. वहीं जब एक सवाल में उनसे कहा गया कि कांग्रेस ने उनके बयान से किनारा कर लिया है, तो वह यह सुनते ही भड़क गईं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाड़ में जाए. ऐसे जब भी मौके आते हैं, तो कांग्रेस पल्ला झाड़ लेती है. कांग्रेस पार्टी सिर्फ मुसलमानों का वोट लेने के लिए है. कांग्रेस से कोई अनुबंध थोड़ी न करवा रखा है. हम भी असदु्द्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM में चले जाएंगे.
रुबीना खान के निष्कासन का प्रपोजल भेजा
निगम में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष और शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि जिस प्रकार से पार्षद रुबीना इकबाल खान ने कांग्रेस को लेकर बात कही है, वह अनुशासनहीनता है और इसपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. रुबीना आज से ही अपने को कांग्रेस पार्टी से बाहर समझें. हम निष्कासन का प्रपोजल प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेज चुके हैं. कल जिस तरह का घटनाक्रम नगर निगम में हुआ, वह पूरी तरह से निंदनीय है. हर भारतीय के दिल में अपने तिरंगे के प्रति, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान होना चाहिए. जिस राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान को कांग्रेस अपने अधिवेशन में गाती आई है, जिस राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत को लेकर क्रांतिकारियों ने देश में अलख जगाई, वो राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत हमारे लिए सर्वोपरि हैं.
फौजिया शेख अलीम को सदन से किया बाहर
बताते चलें कि बुधवार को इंदौर नगर निगम में माहौल तनावपूर्ण होने पर सभापति ने पार्षद फौजिया शेख अलीम को एक दिन के लिए सदन से बाहर कर दिया था. मीडिया से बात करते हुए फौजिया ने कहा था कि संविधान हमें जबरदस्ती वंदे मातरम या जय श्रीराम का नारा लगाने का आदेश नहीं देता. संविधान हमें आजादी देता है कि हम राष्ट्रगान गा सकते हैं लेकिन राष्ट्रगीत गाना अनिवार्य नहीं है. कुछ लोग भारत माता की पूजा करते हैं लेकिन हम नहीं करते हैं.
देश की रक्षा सबसे पहला धर्म है: महापौर
कांग्रेस पार्षदों के इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई थी. महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि किसी को भी वंदे मातरम का अपमान करने का अधिकार नहीं है. देश धर्म से बड़ा है और देश की रक्षा सबसे पहला धर्म है. कांग्रेस के शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने फौजिया के बयान से किनारा किया और इसे उनकी व्यक्तिगत राय बताया. उन्होंने कहा कि वंदे मातरम और राष्ट्रगान गाना इस देश में अतिआवश्यक है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.