खेतों में आग से 6 एकड़ गेहूं फसल जलकर राख: सतना में किराए की खेती करने वाले किसान को लाखों का नुकसान – Satna News

खेतों में आग से 6 एकड़ गेहूं फसल जलकर राख:  सतना में किराए की खेती करने वाले किसान को लाखों का नुकसान – Satna News




सतना जिले के कोठी थाना अंतर्गत बगिया गांव में गुरुवार को खेत में अचानक आग लग गई। इस घटना में दो किसानों की लगभग 6 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों और ग्रामीणों को करीब दो घंटे का समय लगा। जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर लगभग 3:30 बजे बगिया निवासी आसमनी कुशवाहा के खेत में आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने पड़ोस के खेत को भी अपनी चपेट में ले लिया। आगजनी में आसमनी कुशवाहा की 5 एकड़ और श्यामलाल कुशवाहा की 1 एकड़ में लगी पकी खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह जल गई। किसानों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। आसमनी कुशवाहा ने 6 एकड़ खेत किराए पर लेकर खेती की थी। सूचना मिलने पर कोठी नगर परिषद का दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। कोठी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हल्का पटवारी द्वारा शुक्रवार को किसानों को हुई क्षति का आकलन किया जाएगा।



Source link