Last Updated:
Chhatarpur District Court: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिला कोर्ट में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां जज के सामने ही एक व्यक्ति ने महिला टाइपिस्ट को थप्पड़ जड़ दिया. इसके बाद कोर्ट में अफरा-तफरी मच गई. फिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.
छतरपुर जिला कोर्ट मे बवाल
Chhatarpur News: छतरपुर के जिला न्यायालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रथम श्रेणी न्यायाधीश की कोर्ट में एक महिला टाइपिस्ट के साथ मारपीट की घटना सामने आई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्राइवेट तौर पर टाइपिंग का काम करने वाला आशीष रिछारिया अचानक विवाद के दौरान आपा खो बैठा और उसने महिला कर्मचारी को न्यायाधीश की मौजूदगी में ही थप्पड़ मार दिया. घटना होते ही कोर्ट रूम में अफरा-तफरी मच गई. मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई.
जज के सामने हुई घटना से उठे सवाल
न्यायालय जैसे संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. खास बात यह है कि पूरी घटना न्यायाधीश की मौजूदगी में हुई, जिससे कोर्ट की गरिमा को भी ठेस पहुंची है. परिसर में फिर यह घटना चर्चा का विषय बन गई.
पीड़ित महिला ने बताया है कि आरोपी आशीष रिछारिया ने उससे फाइल छीनने की कोशिश की. इसके बाद विवाद बढ़ गया. महिला ने यह भी कहा है कि आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
एडिशनल एसपी आदित्य पटेल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. पुलिस इस संबंध में कई लोगों से बातचीत भी कर रही है.