Last Updated:
Kunal Choudhary: शाजापुर जिले की कालापीपल विधानसभा के पूर्व विधायक कुणाल चौधरी के धरना प्रदर्शन के दौरान बोल बिगड़ गए, जब प्रदर्शन के दौरान लाइट कट गई, तो उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और यहां पर उन्होंने अधिकारियों को फोन करके धमकाया.
पूर्व कांग्रेस विधायक के बिगड़े बोल
Kunal Choudhary Kalapipal Vidhan Sabha: मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में कांग्रेस का धरना प्रदर्शन उस समय चर्चा में आ गया, जब पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने अचानक बिजली बंद होने पर जेई को ही धमका दिया. उन्होंने कांग्रेस के धरना स्थल से बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन कर फटकार लगाई. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता शामिल हुए.
कांग्रेस के पूर्व विधायक के बिगड़े बोल
काला पीपल विधानसभा के खोखरा कला गांव में आयोजित कांग्रेस के धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में पूर्व विधायक कुणाल चौधरी भाषण दे रहे थे. इस दौरान अचानक बिजली बंद होने पर पूर्व विधायक बुरी तरह से गुस्सा हो गए और उन्होंने बिजली कंपनी के कार्यपालन यंत्री यानि की DE को फोन कर कहा कि जब भी मैं भाषण देता हूं आप लाइट कर देते हो, ये जेई को तो मुर्गा बना दूंगा मैं अभी. लुटेरे डकैती करने का काम है आप लोगों का, वसूली गैंग हो गए हो. किसानों से वसूली करते हो, गेहूं तो खरीद नहीं रहे हो और किसान यहां धरना दे रहा है तो आप लाइट काट रहे हो.
धरना प्रदर्शन के दौरान बिजली हुई गुल
कालापीपल विधानसभा के खोकरा कला गांव में किसानों के मुद्दे को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा धरना प्रदर्शन रखा गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता शामिल थे. इसी दौरान बिजली गुल हो गई जिसके चलते पूर्व विधायक कुणाल चौधरी बिजली कंपनी के अधिकारियों को फटकार लगाते दिखे. अब इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
कुणाल चौधरी को साल 2023 विधानसभा चुनाव में मिली थी हार
कुणाल चौधरी इस समय महाराष्ट्र में कांग्रेस कमेटी में सेक्रेटरी की जिम्मेदारी निभा रहे हैं. उन्होंने साल 2018 में कालापीपल विधानसभा से चुनाव जीता था, लेकिन जब साल 2023 में बीजेपी की लहर चली, तब वह बीजेपी के घनश्याम चंद्रवंशी से हार गए.